रात्रि चौपाल में शिकायत की मिलेगी रसीद
भीलवाड़ा| जिलेमें प्रशासनिक अधिकारियों के गांवों के दौरे और रात्रि विश्राम के दौरान जनता की तरफ से दिए गए परिवाद, शिकायत के बदले शिकायतकर्ता को प्रमाण स्वरूप पावती रसीद दी जाएगी। यह इस बात का सबूत रहेगा कि किस तिथि को उसने शिकायत की थी और समाधान नहीं हुआ। कलेक्टर के अलावा पंचायतीराज के सभी प्रतिनिधियों और अधिकारियों को भी ग्राम पंचायत से लेकर अन्य कार्यालयों में प्राप्त शिकायतों के बदले पावती रसीद देनी होगी। मुख्य सचिव के निर्देश पर प्रशासनिक सुधार विभाग ने सभी कलेक्टर और विभागाध्यक्षों को इस संबंध में निर्देश जारी किए।
इससे पहले सभी ग्राम पंचायतों और पंचायतीराज कार्यालयों तथा कलेक्ट्रेट में पावती रसीद के अधिकार के संबंध में दीवार लेखन, पोस्टर, सूचना पट्ट पर लिखने आदि की रिपोर्ट 15 दिन में मांगी है।