हिंदू सम्मेलन के लिए पंजीयन का निर्णय
{ विहिप स्वर्ण जयंती वर्ष में 11 जनवरी को होगा सम्मेलन
भीलवाड़ा. विश्वहिंदू परिषद की स्वर्ण जयंती महोत्सव वर्ष में 11 जनवरी को नगर परिषद चित्रकूट धाम में हिंदू सम्मेलन होगा। जिसकी तैयारियों को लेकर विश्व हिंदू परिषद कार्यालय में रविवार को बैठक हुई। बैठक में घर-घर जाकर लोगों का पंजीयन करने का निर्णय लेते हुए जिम्मेदारियां सौंपी गई। जिला मंत्री विनीत द्विवेदी ने बताया कि सम्मेलन में अधिकाधिक हिंदू समाज की भागीदारी हो इसके लिए विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर पंजीयन शुरू किया जाएगा। सम्मेलन में भाग लेने के लिए पत्रक दिए जाएंगे। सभी प्रखंड के प्रभारी तय किए गए, जिनमें शास्त्रीनगर के लिए दिनेश धोबी, रामचरण प्रखंड शंभु वैष्णव, सुभाषनगर प्रखंड श्याम ओझा, आजादनगर ओम अग्रवाल, पुर प्रखंड चेतन माली, सुवाणा प्रखंड लक्ष्मीनारायण को प्रभारी बनाया गया। बैठक में प्रखंड प्रभारियों ने तय किया कि हर प्रखंड से करीब दो हजार लोगों का पंजीयन किया जाएगा। इस अवसर पर विभाग संयोजक भारत गेंगट , जिला संयोजक गणेश प्रजापत सहित बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित थे।