- Hindi News
- बिजली की बचत करने वाले उद्योगों को किया सम्मानित
बिजली की बचत करने वाले उद्योगों को किया सम्मानित
विसं. जयपुर| ऊर्जाराज्यमंत्री पुष्पेंन्द्र सिंह ने कहा है कि पूरे देश में ऊर्जा की खपत के मुकाबले ऊर्जा का उत्पादन काफी कम है। ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा के उपलब्ध संसाधनों का कुशल उपयोग कर ऊर्जा की बचत करने की जरूरत है, ताकि ऊर्जा की मांग एवं पूर्ति में संतुलन स्थापित किया जा सके। सिंह रविवार को हरिश्चंद्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान के भगवत सिंह मेहता सभागार में राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम द्वारा आयोजित 5वें राज्य स्तरीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार-2014 समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह की अध्यक्षता ऊर्जा सचिव संजय मल्होत्रा ने की। राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक बीके दोसी ने आह्वान किया कि ऊर्जा की बचत ही ऊर्जा का उत्पादन है।
इनका हुआ सम्मान : कार्यक्रममें टैक्सटाइल क्षेत्र में ऊर्जा की बचत करने के लिए प्रथम पुरस्कार मैसर्स बीएसएल लिमिटेड, मण्डपम, भीलवाड़ा को प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार मैसर्स आरएसडब्ल्यूएम, ऋषभदेव को प्रदान किया गया। सीमेंट क्षेत्र में मैसर्स अल्ट्राटेक सीमेंट, कोटपूतली को गत वर्ष की तुलना में 12.17 प्रतिशत विशिष्ट ऊर्जा उपभोग में कमी के कारण प्रथम पुरस्कार एवं मैसर्स मंगलम सीमेंट लि. मोराक, कोटा को गत वर्ष की तुलना में 7.01 प्रतिशत विशिष्ट ऊर्जा उपभोग में कमी के कारण द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।