महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से निर्भया केंद्र जिला अस्पताल परिसर स्थित वर्तमान जिला औषधि भंडारगृह (डीडीडब्ल्यू) भवन में बनाने का प्रस्ताव है।
भीलवाड़ा. जिला परिषद एसीईओ प्रभा गौतम की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय कमेटी ने बुधवार को हुई बैठक में इस पर सहमति दे दी। कमेटी में उप निदेशक (महिला एवं बाल विकास) दया सक्सेना तथा एमजी अस्पताल के पीएमओ डॉ. केसी पंवार भी हैं। गौतम ने बताया कि केंद्र के लिए 300 वर्गमीटर (2700 वर्गफीट) जगह चाहिए।
पीएमओ कार्यालय के सामने वर्तमान भवन 1000 वर्गफीट में बना है। इसके पास काफी जमीन रिक्त है। दो माह बाद डीडीडब्ल्यू सीएमएचओ के कार्यालय के पास निर्माणाधीन भवन में चला जाएगा। ऐसे में यह भवन निर्भया केंद्र के लिए उपयुक्त है। इस केंद्र में दुष्कर्म, डायन सहित विभिन्न हिंसा पीड़ित महिलाओं को चिकित्सीय, कानूनी सहित सभी तरह की सहायता दी जाएगी। कमेटी गुरुवार को प्रस्ताव कलेक्टर को भेजेगी। वे इस पर अंतिम मुहर लगाएंगे।