भीलवाड़ा. गरबा और डांडिया रास के साथ देवी आराधना की रातें गुरुवार से शुरू हो रही हैं। इसके लिए महिलाओं की तैयारियां लगभग पूरी हैं। गरबा के लिए नए गुजराती परिधानों को लेकर शहर की महिलाओं में जबरदस्त क्रेज है।
दुकानदारों की मानें तो महिलाओं की पहली पसंद काठियावाड़ की प्रमुख पारंपरिक पोशाक लहंगा-चोली, चनिया -चोली तथा सनेड़ा, राउडी के साथ सनेड़ा कपल है। गुजराती ड्रेस विक्रेता सुनील बोरदिया के अनुसार जरी बेस के वर्क में पहली बार आई ड्रेस की भी डिमांड है। दुकानदार जयंत लोढ़ा ने बताया कि प्लेन धोती केरिया, धोती जाकिट सनेड़ा फेम धोती केरिया युवाओं की पसंद बनी हुई है। युवतियों को पिंडवाड़ा (सिरोही) के रिंकल लहंगे तथा जैकेट खूब भा रहे हैं। व्यापारी प्रद्युम्न अजमेरा ने बताया कि गरबा ड्रेस में चुनरी में किरण बॉर्डर का प्रचलन बढ़ रहा है।
ऑक्सीडाइज मेटल ज्वैलरी
गरबाडांडिया की एसेसरीज भी लोककलात्मक पसंद की जा रही हैं। गरबा की स्पेशल ड्रेस के साथ महिलाएं ज्वैलरी भी उसी प्रकार की मांगती हैं। दुकानदार पुष्पा देवी के अनुसार, इसके लिए बाजार में ऑक्सीडाइज मेटल ज्वैलरी, जिसमें हार सेट, कमर बंध, पायल, बाजू बंध, पायल, बाजू कड़े, बोरला, टीका, चूड़ा सेट खरीदे जा रहे हैं। महिलाएं कौड़ी सेट की ज्वैलरी भी खूब पसंद कर रही हैं।
मीनाकारी के डांडिया
नवरात्रि में डांडिया रास के लिए मीनाकारी, ऑक्सीडाइज व्हाइट गोल्डन के डांडिया खास पसंद किए जा रहे हैं। डांडिया विक्रेता सुनील कुमार ने बताया कि इन डांडियों का भारी ड्रेस के साथ गेटअप बनता है। इनके अलावा बांधनी पैटर्न, लेस वाले, मेटल तथा बेयरिंग वाले डांडिया भी युवक-युवती पसंद कर रहे हैं।