पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जनसुनवाई में गुहार लगाई तो चला धोखाधड़ी का पता

जनसुनवाई में गुहार लगाई तो चला धोखाधड़ी का पता

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भीलवाड़ा। साहब।मेरे बेटे की शादी करनी है। प्लॉट का पट्टा बनवा दो। यूआईटी में फाइल लगाए 14 साल हो गए। अब तक नहीं बना। यह गुहार लगाई सुभाष नगर की रहने वाली सुशीलादेवी शर्मा ने गुरुवार दोपहर कलेक्टर डॉ.रविकुमार सुरपुर से। सुशीला बेटे पवन भाई मदन शर्मा के साथ राजीव गांधी ऑडिटोरियम में जनसुनवाई में आई। उसने बताया कि पति श्यामसुंदर का निधन हो चुका है। बेटा पवन दिल्ली पढ़ रहा है। उसकी शादी करनी है। इतना बोलते ही उसका गला भर गया।
सुशीला के भाई मदन ने भास्कर को बताया कि उन्होंने 1994 में बापूनगर के सौभागमल खमेसरा से जोधड़ास की आराजी नंबर 246/1 में 62 गुना 35 वर्गफीट का प्लॉट नंबर 10 कुल 20 हजार रुपए में खरीदा था। इसके नियमन के लिए पहली बार 10 मार्च 2000 तथा दूसरी बार 7 मार्च 2013 को यूआईटी में आवेदन किया, पर पट्टा नहीं बना। कलेक्टर सुरपुर ने यूआईटी सेक्रेट्री पीएस सांगावत से रिपोर्ट मांगी। सांगावत ने कहा कि जिस व्यक्ति से सुशीला ने प्लॉट लिया, उनके मूल खातेदार को जमीन अवाप्ति के बदले मुआवजा दिया जा चुका है। ऐसे में नियमन नहीं हो सकता। तब कलेक्टर ने महिला को मूल खातेदार के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए।

खाली प्लॉट वालों को देंगे नोटिस : जिन लोगों ने यूआईटी से प्लॉट लेकर निर्माण नहीं करवाया। उन पर अब गंदगी फैल रही है। ऐसे प्लॉट मालिकों को नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर ने यूआईटी सेक्रेट्री को दिए हैं। यह निर्देश खाली प्लॉटों में गंदगी होने की शिकायत पर दिए गए।

(भीलवाड़ा. कलेक्टर से पट्टा बनाने की गुहार करते सुशीला देवी भाई मदनलाल।)