भीलवाड़ा. पुराने शहर के नागौरी मोहल्ला स्थित एक ज्वैलर्स के यहां गुरुवार दोपहर खरीदारी के बहाने आया युवक 100 ग्राम सोना ले उड़ा। भीमगंज पुलिस ने युवक की क्षेत्र के साथ ही शहर में तलाश की पर उसका पता नहीं चला। युवक ने टॉप्स आदि देखने के दौरान शो केस से सोना उठा लिया। दुकान से पार किए गए सोने की कीमत करीब तीन लाख रुपए बताई जा रही है।
नेहरू रोड पर रहने वाले रमेश
सोनी की पुराने शहर के नागौरी मोहल्ला में धनोप ज्वैलर्स नामक दुकान पर गुरुवार दोपहर 30-35 वर्षीय एक युवक पहुंचा तथा टॉप्स आदि ज्वैलरी दिखाने की बात कही। इस पर
सोनी ने उसे ज्वैलरी दिखाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान युवक ने मौका देखकर शो केस में रखे 100 ग्राम सोने के दो बिस्किट उठा लिए और अपने भाई को लाने की बात कह कर वहां से निकल गया। कुछ देर बाद रमेश का भतीजा राजेश दुकान पहुंचा। उसने शोकेस में रखे 50-50 ग्राम वजनी सोने के दो टुकड़ों को ढूंढा। नहीं मिलने पर उसने अपने काका से पूछा।
काका रमेश ने भी शो केस में देखा तो सोना नहीं मिला, सोना गायब देख उसके होश उड़ गए। पड़ोसियों को जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी भीमगंज थाने में दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद हुलिये के आधार पर सोना ले उड़े युवक की तलाश की गई पर उसका कहीं पता नहीं चला।
लगातार दूसरे दिन वारदात
भीमगंज थाना क्षेत्र में खरीदारी के बहाने चोरी की वारदात को अंजाम देने की शहर में लगातार दूसरे दिन वारदात हुई है। एक दिन पूर्व बुधवार सुबह मिलन टाॅकीज रोड स्थित गणेश प्लाजा में अर्जुन सिंधी की दुकान से साइकिल की रिंग दिखाने के बहाने आया एक युवक भी गल्ले से एक लाख रुपए पार कर ले गया, उसका भी पता अभी नहीं चला है।
दुकान में नहीं सीसीटीवी
सोनी की दुकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। इसके चलते युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही। अब पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में युवक का चेहरा तलाशेगी। सोना पार करने वाले युवक की उम्र करीब 30-35 वर्ष है, जो दोपहर में पैदल ही दुकान पर पहुंचा था। लंबे कद के इस युवक का बदन भी हट्टा-कट्टा है।