पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • स्वाइन फ्लू: महिला ने अजमेर में दम तोड़ा

स्वाइन फ्लू: महिला ने अजमेर में दम तोड़ा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भीलवाड़ा। स्वाइन फ्लू से जिले में एक और महिला की मौत हो गई है। शहर के निकट स्वरूपगंज निवासी 25 वर्षीय कालियादेवी पत्नी मोहनसिंह को स्वाइन फ्लू के उपचार के लिए अजमेर मेडिकल कॉलेज के लिए रैफर किया गया था।
अजमेर पहुंचने से पहले ही कालियादेवी ने रास्ते में दम तोड़ दिया। यह महिला शिवपुरी (एमपी) की रहने वाली है और यहां परिवार के साथ रहकर मजदूरी करती हैं। इसकी मौत होने पर परिजनों ने एंबुलेंस चालक को शिवपुरी ले जाने के लिए कहा। पीएमओ डॉ. केसी पंवार ने बताया कि एंबुलेंस चालक ने वहां ले जाने से मना किया तो परिजनों ने एंबुलेंस ड्राइवर हकीम मोहम्मद के साथ हाथापाई कर दी।
इसके बाद वे दूसरी गाड़ी में उसे ले गए। उधर, परिजनों ने बताया कि एंबुलेंस चालक ने हमसे कहा स्वाइन फ्लू से मौत हो गई, अब दूसरी एंबुलेंस में ही ले जाना पड़ेगा। इसके बाद परिजन 11 हजार रुपए किराया खर्च कर महिला के शव को दूसरे वाहन से ले गए।

कई जगह दवा वितरित

भीलवाड़ा | शहर में कई संस्थाएं स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए काढ़ा पिला रही है और दवाएं भी बांट रही है। श्री गणेश उत्सव प्रबंध एवं सेवा समिति द्वारा निशुल्क होम्योपैथिक दवा वितरित की समिति अध्यक्ष उदय लाल समदानी ने बताया कि आयुष चिकित्सालय तथा मालियों के नोहरे के बाहर आयोजित शिविर में दवा वितरित की गई।
उधर, भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा की ओर से होम्योपेथी दवा 14 फरवरी को वितरित की जाएगी। शाखा अध्यक्ष श्याम कुमावत ने बताया कि चंद्रशेखर आजाद नगर स्थित पंचेश्वर महादेव मंदिर में सुबह 8.30 बजे दवा वितरित की जाएगी।

बच्चे को दिखाने गई थी खुद बीमार निकली

सीएमएचओ डॉ. सतीश डाभी ने बताया कि 25 जनवरी को यह महिला शिवपुरी से यहां आई थी। यहां स्वरूपगंज में इनके पति नौकरी करते हैं। दो फरवरी को अपने बच्चे को दिखाने स्वरूपगंज डिस्पेंसरी पर गई।
उसी समय महिला ने खुद का भी चेकअप करवाया तो वह भी बीमार निकली। इस पर सोमवार को उसे महात्मा गांधी अस्पताल में भेज दिया। यहां तबीयत बिगड़ने पर इसे अजमेर रैफर किया गया था। अजमेर में मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।

स्वरूपगंज पहुंचे चिकित्सा अधिकारी

डिप्टी सीएमएचओ (हेल्थ) डॉ. प्रकाश शर्मा ने बताया कि स्वरुपगंज में विभाग की टीमों ने 241 घरों में सर्वे कर 24 जनों को दवा दी है। यहां यह महिला जिनके संपर्क में थी उन्हें टेमी फ्लू टेबलेट दी गई है। उन्होंने बताया कि जहां भी रोगी मिले हैं वहां बराबर फॉलोअप किया जा रहा है।