भीलवाड़ा. चंद्रशेखर आजाद नगर के सरकारी स्कूल में चल रहे भामाशाह शिविर में घंटों तक खड़े रहने के बावजूद भी नामांकन के लिए नंबर नहीं आने से गुरुवार को लोगों ने हंगामा कर दिया। भीड़ ज्यादा होने और भामाशाह नामांकन आधार नामांकन की मशीनें कम होने से लोग खूब परेशान हुए। भीड़ में उलझी एक महिला गश खाकर गिर पड़ी।
हालत काबू में नहीं आने पर परेशान लोगों की वहां खड़े होमगार्डों से धक्का-मुक्की हो गई। नगर परिषद अधिकारियों ने एसडीएम कार्यालय तीन बार फोन किया इसके बावजूद कांट्रेक्ट कंपनी के कर्मचारी भामाशाह आधार नामांकन की अतिरिक्त मशीनें नहीं लाए जबकि एसडीएम अविचल चतुर्वेदी ने बुधवार को ही कहा था।
कि भामाशाह नामांकन की आठ और आधार नामांकन के लिए तीन मशीनें एक्सट्रा भेजेंगे। ज्यादा भीड़ होने के बावजूद भामाशाह नामांकन की केवल पांच और आधार नामांकन की केवल दो मशीनों से काम किया जा रहा था। इसीलिए भीड़ परेशान हो रही थी।