कोलकाता में भी नहीं मिले अपहर्ता बच्चा
भास्करन्यूज | भीलवाड़ा
अगवाबच्चे मोहसिन उसके अपहर्ताओं की तलाश में कोलकाता गई टीम को सफलता नहीं मिल पाई। ऐसे में यह टीम गुरुवार रात वहां से रवाना हो गई।
कोतवाल नेमीचंद चौधरी के अनुसार, कांवाखेड़ा कच्ची बस्ती निवासी इकबाल के मकान में किराए से रहने वाले बिंदर उर्फ गुरुसेवक पुत्र मुख्तियार सिंह रानी ने 11 नवंबर को इकबाल के छोटे भाई शरीफ मोहम्मद के तीन साल के बेटे मोहसिन को अगवा कर लिया था। अगवा बच्चे आरोपी बिंदर रानी की तलाश में पिछले दिनों एक सब इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम कोलकाता भेजी गई थी। टीम ने हावड़ा क्षेत्र की झुग्गी-झोपड़ियों में उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने कचरा बीनने वालों से भी उनके बारे में पूछताछ की, लेकिन उनके वहां पहुंचने की बात सामने नहीं आई। पुलिस ने मामले से संबंधित पंपलेट सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कराए तथा पुलिस थानों में भी सूचना दी। चौधरी ने बताया कि बिंदर दो साल पहले हावड़ा की झुग्गी झोपड़ी में रह चुका है। ऐसे में उसके दोबारा वहां जाने की संभावना के चलते पुलिस टीम भेजी गई। सफलता नहीं मिलने पर टीम गुरुवार रात वहां से रवाना हो गई। विदित रहे कि अगवा बच्चे की अब तक हरियाणा, पंजाब राजस्थान के कई क्षेत्रों में तलाश की जा चुकी है।