भीलवाड़ा. शहर के सरकारी स्कूलों में स्वच्छ राजस्थान अभियान के तहत ज्योति कलश योजना शुरू हुई। पहले दिन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सिंधुनगर में सफाई की गई। डीईओ प्रारंभिक सुभाष शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन कर अभियान की शुरुअात की।
स्कूली छात्र-छात्राएं समेत शिक्षक अधिकारियों ने सफाई की। बच्चों ने पानी की टंकी की सफाई की गई। शिक्षकों ने पेड़ों की टहनियां काटी और झाड़ू लगवाया। सफाई के दौरान अफसरों शिक्षकों ने मास्क लगाए परंतु कम होने के कारण बच्चों को मास्क नहीं मिल पाए। स्वच्छ विद्यार्थी-स्वच्छ विद्यालय का संदेश देने के लिए डीईओ शर्मा ने स्कूल के शौचालय की सफाई की।
कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि शहर के 47 स्कूलों में सफाई अभियान चलेगा। इसमें स्कूल खुलने से पहले सामाजिक कार्यकर्ता, शहरी क्षेत्र के संस्था प्रधान शिक्षा अधिकारी पहुंचेंगे। स्कूल में जब बच्चे आएंगे तब तक परिसर को साफ किया जाएगा।
दानदाताओं के सहयोग से स्कूल में फर्नीचर आदि की व्यवस्था भी की जाएगी। सफाई अभियान के बाद सभी बच्चों को नहाने कपड़े धाेने के साबुन दिए गए। कार्यक्रम में एडीईओ अशोक पारीक, एसएसए के एपीसी तेजकरण बहेड़िया, समाजसेवी प्रकाश छाबड़ा, दिनेश भट्ट आदि मौजूद थे।
ज्याेति कलश योजना के तहत बुधवार को शहर के कोटा रोड स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय वार्ड नंबर 14 में सफाई की जाएगी। अभियान के तहत शहरी क्षेत्र के कई संस्था प्रधान सामाजिक कार्यकर्ता सफाई अभियान में मौजूद रहेंगे।