भीलवाड़ा. एमएलवी कॉलेज के दो टुकड़े कर बनाए नए विज्ञान एवं वाणिज्य कॉलेज का विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी ने बुधवार को उदघाटन किया। फीता काटने के दो मिनट बाद बिल्डिंग पर फिर ताला लगा दिया। कोई अंदर भी नहीं गया, क्योंकि नए कॉलेज के लिए प्रिंसिपल, स्टाफ या अन्य संसाधन नहीं थे।
नए कॉलेज के लिए एमएलवी कॉलेज की बिल्डिंग का वह हिस्सा रिजर्व किया गया जहां अब तक लॉ कॉलेज चल रहा था। विज्ञान वाणिज्य संकाय के स्टूडेंट्स लेक्चरर सैटअप में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। कागजों में खुले इस नए कॉलेज से जिले में आठ गवर्नमेंट कॉलेज हो गए हैं।
क्यों की गई ऐसी जल्दबाजी
चर्चा थी कि नए कॉलेज का काम एमएलवी कॉलेज प्रिंसिपल प्रो. झारोलिया ही देखेंगे। दूसरी ओर यह सवाल भी चर्चा में था कि जब नए कॉलेज के नाम पर कुछ है ही नहीं तो क्या काम देखेंगे। चर्चा यह रही कि सरकार को अपने एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियों में नए कॉलेज को गिनाने के लिए इसे शामिल किया जाएगा, इसलिए फटाफट इसका उदघाटन किया गया।
फीता काटा पर अंदर नहीं गए अतिथि
नए कॉलेज का फीता काटा लेकिन कोई इसकी बिल्डिंग के अंदर नहीं गए। विधायक अवस्थी ने फीता काटने के बाद अंदर जाने के लिए कदम रखा ही था कि कॉलेज स्टाफ ने उन्हें यह कहते हुए वापस बुला लिया कि उदघाटन समारोह एमएलवी कॉलेज के सभागार में है। यह सुनते ही अवस्थी वापस मुड़ गए। इसके बाद कोई भी अंदर नहीं गया। सभी उदघाटन समारोह वाले सभागार में चले गए।
प्रिंसिपल बोले, सरकार कुछ भी कर सकती है
प्रिंसिपल प्रो. केआर झारोलिया ने समारोह में कहा कि सरकार कुछ भी कर सकती है। आज देखो, कुछ भी नहीं फिर भी एक के दो कॉलेज कर दिए। प्रिंसिपल द्वारा सरकार विधायक की तारीफों के पुल बांधने पर सभागार में हंसी फूट पड़ी।
विधायक ने कहा, संघर्ष करूंगा
विधायक अवस्थी ने कहा कि मेरे कार्यकाल में नए कॉलेज को पूरा करवाऊंगा। इसके लिए संघर्ष करूंगा। मुझे नहीं लगता कि नया कॉलेज खोलकर सरकार ने कोई गड़बड़ी की है। सरकार की नीयत अच्छी है।