- Hindi News
- हिंसा भ्रष्टाचार मुक्त चुनाव के लिए आगे आएं महिलाएं
हिंसा भ्रष्टाचार मुक्त चुनाव के लिए आगे आएं महिलाएं
पंचायतीराज व्यवस्था में महिलाओं की सक्रिय सहभागिता के बिना ग्रामीण विकास संभव नहीं है। आगामी पंचायतीराज चुनाव में महिलाएं निडर होकर मतदान करेगी। यह विचार स्वयंसेवी संगठन कट्स मानव विकास केंद्र द्वारा सोमवार को सुवाणा में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने हिंसा भ्रष्टाचार मुक्त चुनाव के लिए महिलाओं को आगे आने का आह्वान करते हुए व्यक्त किए। कट्स मानव विकास केंद्र परियोजना समन्वयक मदनलाल कीर ने बताया कि हंगर प्रोजेक्ट के सहयोग से पंचायत समिति सुवाणा में चलाए जा रहे स्ट्रेंथनिंग वुमन इंपावरमेंट थ्रू इलेक्ट्रॉल प्रोसेस स्वीप अभियान के तहत सुवाणा में हुई बैठक में कट्स की अनुराधा तोलंबिया ने पंचायतीराज व्यवस्था के बारे में जानकारी देते हुए आरक्षण व्यवस्था के बारे में बताया। उन्होंने हिंसा भ्रष्टाचार मुक्त चुनाव के लिए महिलाओं से आगे आने का आह्वान किया। बैठक के बाद कट्स के राजेश खोइवाल के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल महिलाओं ने अब नारी की बारी है, सारी सीट हमारी है, आज की नारी कहे पुकार, सत्ता में हम भागीदार आदि नारे लिखी तख्तियां लेकर चल रही थी। रैली बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता लीला नायक, पुष्पा शर्मा, सुलोचना शर्मा, सायर जाट सहित कई महिलाएं उपस्थित थीं। इसी तरह मीना सुथार राजेंद्र खटीक के नेतृत्व में हलेड़ दांथल में भी जागरूकता बैठक रैली निकाल कर महिलाओं को पंचायतीराज व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।