पाइप लाइन को किया रिपेयर दो कॉलोनियों में आज जलापूर्ति
भीलवाड़ा | पांसलचौराहा पर सात दिन से टूटी पड़ी पाइप लाइन गुरुवार को सुधार दी गई। शाम को संतोष कॉलोनी की टंकी में पानी भरा तथा कुछ बस्तियों में सप्लाई भी किया। दो बस्तियों को गुरुवार के बजाय शुक्रवार को तय समय पर पानी दिया जाएगा। संतोष कॉलोनी की टंकी भरने वाली राइजिंग पाइप लाइन गायत्रीनगर मालोला रोड, अजमेर रोड आदि क्षेत्रों में पानी पहुंचाने वाली वितरण पाइप लाइन पिछले सात दिनों से पांसल चौराहा के पास क्षतिग्रस्त होने से लगातार पानी बह रहा था। क्षेत्रवासियों द्वारा विभाग में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अधिकारियों द्वारा कोई सुध नहीं ली तो गुरुवार के अंक में भास्कर ने सात दिन से बह रहा हजारों लीटर पानी शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया तो जलदाय विभाग चेता और गुरुवार को दिनभर काम कर दो जगह से टूटी पाइप लाइन को रिपेयर किया। क्षतिग्रस्त पाइप लाइन के कारण गुरुवार को गायत्रीनगर मालोला रोड अजमेर रोड पर जलापूर्ति नहीं हुई। इन बस्तियों में शुक्रवार को जलापूर्ति की जाएगी।