2 जगह चोरी, जेवर नकदी पार
भीलवाड़ा| गाडरमालागांव में गत रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। अलमारी पेटी से जेवर, नकदी अन्य सामान चुरा लिए। जाग होने पर हल्ला मचा तो चोर भागे जिनका ग्रामीणों ने पीछा किया, लेकिन वे हाथ नहीं लगे। सूचना पर पहुंची कारोई पुलिस ने मामला दर्ज कर संदेह के आधार पर दो जनों को हिरासत में लिया है।
गाडरमाला निवासी नारायण पुत्र मोहनलाल शर्मा के घर मेंे घुसे चोरों ने 10 तोला सोने की दो पट्टियां, एक चेन, एक नथ, तीन अंगूठी, एक किलो चांदी का एक कंदौरा पायजेब जोड़ी तथा 15 हजार रुपए चुरा लिए। शोभा पुत्र नारायण जाट के घर से चोर कमरे में रखी पेटी को छत पर ले गए। ताला तोड़कर चांदी के जेवर 1500 रुपए ले भागे। खटपट से लोगों की नींद खुल गई। उन्होंने हल्ला मचाया तो चोर भाग निकले। लोगों ने चोरों का पीछा भी किया लेकिन वे हाथ नहीं आए। सूचना पर पहुंची कारोई पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर चोरी का मामला दर्ज किया।