हाईवे पर ट्रेलर में ड्राइवर की खून सनी लाश मिली
भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा
अजमेर-चित्तौड़मार्ग पर हजारी खेड़ा के पास सोमवार शाम खड़े ट्रेलर में ड्राइवर की खून से सनी लाश मिली। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर की किसी ने हत्या कर दी। पुर थाना पुलिस एफएसएल टीम ने सबूत जुटाए। मृतक की पहचान अजमेर जिले के भिनाय थाना क्षेत्र के रेण गांव के गोपाल पुत्र मांगू बैरवा के रूप में की गई। पुलिस ने शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाय है।
एएसपी ज्योतिस्वरूप शर्मा ने बताया कि पुर ओवरब्रिज से आधा किलोमीटर दूर चित्तौडगढ की तरफ सड़क किनारे रविवार रात से एक ट्रेलर खड़ा था। सोमवार शाम को लोगों थाने में सूचना दी। वापी से जयपुर के लिए केबल भरकर रवाना हुए इस ट्रेलर में जीपीएस सिस्टम लगा है। इससे कंपनी को भी ट्रेलर के 17 घंटे से हजारी खेड़ा के पास ही खड़ा होने की लोकेशन पता चली। तब कंपनी प्रतिनिधियों को आशंका हुई और उन्होंने भीलवाड़ा स्थित एसवीएलएल कंपनी के मैनेजर को सूचना दी। शाम पौने आठ बजे वह हजारी खेड़ा के पास पहुंचा, जिसे गुजरात से पंजीकृत ट्रेलर दिखा। उसका फाटक खोलकर देखा तो पीछे की सीट पर ड्राइवर लेटा हुआ नजर आया। आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिलने पर अंदर देखा तब शव पड़ा था। उसके सिर से खून बह रहा था। इस पर उसने पुर थाने में सूचना दी।
रंजिश के चलते हत्या की आशंका
एएसपीके अनुसार प्रथम दृष्टया ड्राइवर की हत्या की गई। ट्रेलर में भरी केबल सुरक्षित है। वापी स्थित कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि ड्राइवर के पास ज्यादा नकदी नहीं थी, इससे माना जा सकता है कि अगर किसी ने ड्राइवर गोपाल की हत्या की है तो इरादा लूटपाट का नहीं होकर रंजिश हो सकता है। गोपाल बैरवा वापी से ट्रेलर लेकर अकेला जयपुर के लिए निकला था। उसका मोबाइल भी बंद था