भास्कर ट्रेड फेयर की धूम
भीलवाड़ा | चित्रकूटधाम में चल रहे दैनिक भास्कर के मेगा ट्रेड फेयर में नए आइटम धूम मचा रहे हैं। सबसे बड़ा आकर्षण इस बार महाराष्ट्र के लोकप्रिय झूले का रहेगा। इसका जबरदस्त रोमांच मंगलवार से शुरू होगा। इसमें हौसले वाले लोग ही झूलने का साहस कर सकेंगे। करीब दो सौ दुकानों से सजा मेला इस बार खरीदारों के लिए कई खास आइटम लेकर आया है। यही वजह है कि सोमवार को तीसरे दिन खरीदारों की भीड़ जारी रही। मेले का दूसरा रोमांच यहां की चौपाटी है जहां देर रात तक लोगों ने विभिन्न स्टॉल्स पर परिवार सहित कई राज्यों के व्यंजनों का आनंद लिया। बच्चों ने ऊंचे झूलों में बैठकर आकाश में चढ़ने का आनंद लिया तो नाव के झूले का आकर्षण युवक-युवतियों में ज्यादा देखा गया। मेले का आकर्षण दिन में धूप के बावजूद कम नजर नहीं आया वहीं शाम छह से नौ बजे तक परिवार के साथ लोगों ने भ्रमण किया। रंगबिरंगी रोशनी से दमकते चित्रकूट धाम में जिंदल सॉ लि. शारदा ग्रुप के सहयोग से आयोजित मेले में रेडिमेड गारमेंट, होजियरी, मनिहारी, इलेक्ट्रानिक आइटम्स के ही नहीं बल्कि ऑटोमोबाइल, होम एप्लीएंसेज, क्राकरी आदि के भी स्टाल्स हैं। नए आइटम में सोफा कम बेड ने लोगों का ध्यान खींचा क्योंकि यह एक ही आइटम कई तरह के उपयोग की सुविधा देता है। इन पर किफायती दाम के साथ ही आकर्षक उपहार भी मेलार्थियों को लुभाते रहे। दिन में कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी ग्रुप पहुंचे। मेले में आइसक्रीम बर्फ के आइटम तो ऐसे बिक रहे थे जैसे गर्मी ही गई है। मेला 14 फरवरी तक चलेगा। यूथ की पसंद देखते हुए इस बार मेले में परफ्यूम, डीओ अन्य गिफ्ट आइटम्स के भी कई स्टाल्स लगे हैं। पंजाब के फल्गारी सूट, कोलकाता के हैंडीक्राफ्ट, ज्वैलरी बैग, बनारस की साड़ियां, इलेक्ट्रिक पावर सेवर, बांबे फैंसी ज्वैलरी, फुटवीयर, लखनऊ के खादी कुर्ते-पायजामे लुधियाना के वूलन गारमेंट की स्टाल्स भी लोगों को खींच रहीं है।
भीलवाड़ा. चित्रकूटधाम में दैनिक भास्कर के मेगा ट्रेड फेयर में सोमवार को सौंदर्य सामग्री की खरीदारी करती युवतियां