जल स्वावलंबन के नाम वेतन काटा तो विरोध
भीलवाड़ा| जलस्वावलंबन अभियान के लिए धनसंग्रहण को लेकर जिला प्रशासन ने गुरुवार को कर्मचारी संगठनों की बैठक बुलाई। एडीएम (सिटी) आनंदीलाल वैष्णव की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर्मचारी संगठनों ने कोष कार्यालय से एक दिन का वेतन काटने को प्रशासनिक दबाव बताया।
अखिल भारतीय राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि जिस तरह प्रशासन दबाव बना रहा है वह गलत है। इसके बाद बैठक में तय हुआ बताया कि किसी भी कर्मचारी को जल स्वावलंबन के लिए एक दिन का वेतन देने को बाध्य नहीं किया जाएगा। यदि बाध्य किया गया तो विरोध करेंगे। प्रशासन की अपील से यदि कोई कर्मचारी स्वप्रेरित होकर वेतन देता है तो दे सकता है। मीटिंग में अन्य कर्मचारी संगठनों से जुड़े पदाधिकारी भी थे।
गौरतलब है कि जिले में जल स्वावलंबन के लिए 12 करोड़ रुपए जन सहयोग से एकत्रित करने का लक्ष्य है। अब तक करीब तीन करोड़ रुपए ही जुटाए जा सके हैं। इधर, पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी वेलफेयर समिति के जिला अध्यक्ष गोपालस्वरूप वैष्णव ने कहा कि जिला परिषद एवं सभी पंचायत समितियों के अधिकारी कर्मचारियों ने जल स्वावलंबन अभियान में एक दिन का वेतन देकर सहयोग किया है।