सूर्य सप्तमी पर आज करेंगे प्रतिभाओं का सम्मान
भीलवाड़ा। सूर्यसप्तमी महोत्सव रविवार को शाकद्वीपीय मग ब्राह्मण समाज संस्था की ओर से परंपरागत रूप से धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। सुभाष नगर स्थित भास्कर भवन पर सुबह साढ़े सात बजे भगवान भास्कर की पूजा अर्चना के बाद सामूहिक अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद खेलकूद मुकाबलों में हर वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी। संस्था के अध्यक्ष नगर परिषद के पूर्व सभापति दिनेश शर्मा ने बताया कि मुख्य समारोह 12 बजे शुरू होगा जिसमें समाज के विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर चर्चा की जाएगी। मुख्य समारोह में ही 10वीं 12वीं कक्षा के साथ स्नातक स्नातकोत्तर परीक्षा में 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक पाने वालों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही खेलों में राज्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वालों का भी सम्मान किया जाएगा। समारोह के बाद होने वाले सामूहिक भोज में शादी समारोह के अवसर पर झूठन नहीं छोड़ने का संकल्प भी दिलाया जाएगा। प्रतिभावान छात्र और खिलाड़ी अपने प्रमाण-पत्र दिनेश शर्मा संरक्षक राधेश्याम शर्मा के पास पहुंचाकर पुरस्कार ले सकते हैं।