महिला को कमरे में बंद कर मारपीट, ज्यादती
बागौरक्षेत्र की एक महिला को गत दिनों फागणों का खेड़ा क्षेत्र के कुछ लोगों ने कमरे में बंद कर दिया। उसके साथ मारपीट कर ज्यादती की गई। इससे महिला की तबीयत बिगड़ गई। उसका क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार कराया गया। करीब एक पखवाड़े पूर्व हुई घटना की रिपोर्ट कोर्ट के इस्तगासे से शुक्रवार को बागौर थाने में पहुंची। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर बंधक बना कर मारपीट ज्यादती करने का मामला दर्ज किया।
बागौर पुलिस के अनुसार महिला ने रिपोर्ट में फागणों का खेड़ा के हेमा पुत्र धूला बागरिया सहित 11 लोगों पर आरोप लगाया कि गत 26 जनवरी को उन्होंने झाडू बेचने गए उसके नाबालिग बेटे से झाडू छीन लिए। उसका अपहरण कर ले गए तथा उसे कमरे में बंद कर दिया। शाम को घटना की जानकारी नाबालिग के माता-पिता को हुई तो वे उसे बचाने फागणों का खेड़ा पहुंच गए। इसी दौरान हेमा नामक युवक ने उन पर हमला कर दिया। किशोर का पिता जान बचाकर वहां से भाग निकला तो आरोपियों ने उसकी मां को पकड़ा तथा उसके साथ मारपीट करने के साथ ही कमरे में बंद कर ज्यादती कर दी। इससे करीब दो माह की गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ गई जिसका क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार कराया गया। बागौर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बागौर क्षेत्र की घटना, इस्तगासे से दर्ज हुआ मामला, पुलिस ने शुरू की जांच