प्रकृति पर्व बसंत पंचमी पर भास्करनेशुरू किया ‘एक जोड़ा-एक पौधा’ अभियान
भीलवाड़ा| प्रकृतिके शृंगार पर्व बसंत पंचमी पर ‘दैनिक भास्कर’ ने पर्यावरण संरक्षण का महाभियान ‘एक जोड़ा-एक पौधा’ शुरू किया। शुक्रवार को इसका आगाज श्रीनामदेव समाज सेवा संस्थान की ओर से हुए पहले सामूहिक विवाह समारोह के अवसर पर कोठारी फॉर्म हाउस से हुआ। सभी 28 नवविवाहित जोड़े, उनके परिजन, समाज के पदाधिकारी, पर्यावरणप्रेमी समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और व्यवसायी इसके साक्षी बने। सांगानेर रोड स्थित फाॅर्म हाउस में समारोह के दौरान मंच से जैसे ही अभियान के बारे में बताया, उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भास्कर की इस पहल का स्वागत किया। साथ ही पौधे लगाने और पनपाने का संकल्प भी लिया। सभी जोड़ों को संगम उद्योग समूह की ओर से कचनार, मोलश्री, अशोक आदि के पाैधे उपलब्ध कराए गए। दो जोड़ों ने मौके पर ही पौधे लगाए। शेष जोड़े पौधे अपने साथ ले गए जिन्हें वे घर के आसपास, खेत, पार्क, मंदिर या किसी सार्वजनिक स्थान पर लगाएंगे। सामूहिक विवाह आयोजन समिति के अध्यक्ष राजकुमार थुथगर, पर्यावरणविद एवं पीपुल्स फॉर एनिमल के प्रदेश संयोजक बाबूलाल जाजू, माहेश्वरी समाज के कैलाश कोठारी आदि ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया।
प्रकृति संरक्षण के इस अभियान में हर नवविवाहित जोड़ा सहभागी बन सकेगा। शादी से पहले भास्कर में सूचित करने पर भीलवाड़ा शहर में पौधा उपलब्ध कराया जाएगा। यह पौधा नवविवाहित दंपती अपनी सुविधानुसार रोपेंगे। आवश्यकता होने पर ट्री गार्ड भी नि:शुल्क मिलेगा। दंपती का पौधा लगाते हुए फोटो भास्कर में अभियान के लोगो के साथ प्रकाशित किया जाएगा। पौधे का पालन-पोषण सही किया गया तो शादी की पहली वर्षगांठ पर दंपती का उसी पौधे के साथ अपनी फोटो या सेल्फी ‘भास्कर’ में प्रकाशित की जाएगी।