एचएम ने पीटीआई को थप्पड़ मारा
शहर के राउप्रावि कांवाखेड़ा के एचएम भैरूलाल जैन ने शनिवार को स्कूल में पीटीआई प्रेमकुमार व्यास को थप्पड़ मार दिया। पीटीआई ने कोतवाली में रिपोर्ट दी। डीईओ प्रारंभिक (प्रथम)जीवराज जाट ने बताया कि सुवाणा बीईईओ प्रहलाद पारीक को मामले की जांच सौंपी गई है।
एडीईओ अशोक पारीक ने बताया कि कांवाखेड़ा स्कूल के पीटीआई प्रेमकुमार व्यास ने एचएम द्वारा मारपीट करने की सूचना दी। इसमें बताया इस स्कूल के बच्चे शहर के एक निजी स्कूल में चल रहे टूर्नामेंट में खेलने गए थे। इसके लिए एचएम जैन द्वारा बच्चों को टूर्नामेंट में ले जाने के लिए 20-20 रुपए किराए तथा नाश्ते के लिए मांगे। बच्चों ने पीटीआई को एचएम द्वारा पैसे लेने की बात बताई। पीटीआई व्यास ने बताया कि वे एचएम जैन से बात करने गए थे परंतु वे धक्का-मुक्की करने लगे और थप्पड़ मार दिया। इधर, घटना के बाद बच्चों ने एचएम के खिलाफ नारेबाजी कर उन्हें स्कूल से हटाने की मांग की। इस मामले में शास्त्रीनगर पुलिस चौकी प्रभारी जगमाल सिंह जांच कर रहे हैं।
पूर्व में भी निलंबित हो चुके हैं एचएम
कांवाखेड़ास्कूल के एचएम भैरूलाल जैन इससे पहले पुर स्कूल में थे। वहां भी पोषाहार की राशि खरीदने में गड़बड़ी में मामले में इन्हें निलंबित कर अजमेर मुख्यालय कर दिया था। इसके बाद जैन को वापस शहर के कांवाखेड़ा स्कूल में नियुक्ति दे दी। स्कूल स्टाफ ने बताया कि अभी कांवाखेड़ा स्कूल में पोषाहार का चार्ज मीना सिंघल के पास है परंतु पोषाहार की सामग्री एचएम जैन ही खरीदते हैं।
टीचर्सबोलीं ठीक नहीं है स्कूल का माहौल
कांवाखेड़ास्कूल में 250 बच्चों का नामांकन है। यहां एचएम सहित आठ का स्टाफ है। एचएम पीटीआई के अतिरिक्त सभी महिला टीचर है। स्कूल की शिक्षिकाओं के अनुसार, स्कूल का माहौल ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि आए दिन झगड़े होने से यहां पढ़ाने में परेशानी आती है।
^टूर्नामेंट के लिए बजट नहीं मिलता तो बच्चों से तो पैसे लेने ही पड़ेंगे। पीटीआई को क्या मतलब था जो मुझसे आकर पूछ रहा था। उसने धक्का-मुक्की की तो मैंने अपने बचाव में थप्पड़ मार दिया। पोषाहार का चार्ज मेरे पास नहीं है परंतु मेडम सामान नहीं लाती इसलिए मैं ही खरीददारी करता हूं।
भैरूलालजैन, एचएमराउप्रावि कांवाखेड़ा