ब्यावर. शहर में मंगलवार दोपहर मुख्य तेजा चौक बाजार की मस्जिद गली में एक निर्माणाधीन भवन के चौथे माले की आरसीसी छत ढह गई। मलबे में दबने से भवन निर्माण में लगे ठेकेदार समेत 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक महिला समेत 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ब्यावर के अमृतकौर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुख्यमंत्री सहायता कोष से सभी मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की गई।
हादसा दोपहर करीब 1.30 बजे उस समय हुआ, जब नीचे से भवन के तीसरे माले पर निर्माण सामग्री पहुंचाने का काम चल रहा था। सामग्री डालने के लिए चौथे माले की नवनिर्मित छत के नीचे सपोर्ट के लिए लगाई गई बल्ली हटाने के साथ ही आरसीसी छत भड़भड़ा कर नीचे गिर गई।
इससे तीसरे माले की छत पर काम कर रहे भवन निर्माण के ठेकेदार व महिला मजदूर समेत 7 जने मलबे में दब गए। मलबे के नीचे दबने से चांगचितार रोड पंजाबी जीन निवासी ठेकेदार रमेश बैरवा (42) पुत्र घीसा समेत तीन मजदूर पंजाबी जीन निवासी प्रकाश बैरवा (32) पुत्र मांगीलाल, गोपालजी मोहल्ला निवासी शांतिलाल (40) पुत्र नाथूलाल रेगर व रावला बाडिय़ा गांव निवासी खीम सिंह (35) पुत्र चिम्मन सिंह रावत की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में गोहाना निवासी महिला मजदूर शांता देवी (45) पत्नी नाथू, श्यामगढ़ निवासी गिरधारी सिंह (38) पुत्र अली व जवाजा के कोटड़ा गांव निवासी नारायण सिंह (32) पुत्र राजू गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासन के आला अफसर की देखरेख में राहत टीमों ने क्षेत्रवासियों की मदद से मलबा हटा कर शव और घायलों को बाहर निकाला गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मलबे के नीचे दबे सभी घायलों को बाहर निकाल कर उपचार के लिए राजकीय अमृतकौर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं शव को अस्पताल के चीरघर में रखवा दिया गया।
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कराई जा रही है। फरार भवन मालिक प्यारेलाल सोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सरकार ने मुख्यमंत्री सहायता कोष से मृतकों के परिजन को 50-50 हजार की सहायता राशि देने की घोषणा की है।’
भगवती प्रसाद, उपखंड अधिकारी, ब्यावर
आगे की स्लाइड्स में पढ़ें कैसे बचाई गई लोगों की जान