स्कूलों में होगी साफ-सफाई
जिलेकी स्कूलों में ‘स्वच्छ भारत स्वच्छ विद्यालय’ अभियान की शुरूआत शुक्रवार से होगी। स्वच्छता के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से स्कूली छात्र-छात्राएं मोहता चौक से जोशीवाड़ा क्षेत्र तक रैली निकालेंगे।
31 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान स्कूली परिसर की साफ-सफाई के साथ विभिन्न गतिविधियां संचालित होगी। बच्चों को स्कूलों में स्वच्छता के प्रति प्रारंभिक स्तर से ही जागृत करने के प्रयास किए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रमुख शासन सचिव पवन कुमार गोयल ने शिक्षा निदेशालय स्तर पर रूपरेखा बनाकर अभियान को सफल बनाने के संबंध में माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा निदेशक को निर्देश जारी किए हैं। शिक्षा निदेशक को अभियान की कार्य योजना 31 सितंबर, 2014 तक और पांच नवंबर तक प्रगति रिर्पोट देनी होगी। निर्देश के मुताबिक 31 अक्टूबर के बाद भी 15 अगस्त, 2015 तक स्वच्छता अभियान से संबंधित विभिन्न प्रकार की फिल्मों का प्रसारण, वाद-विवाद प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन जारी रखना होगा। गौरतलब है कि स्कूलों में 25 सितंबर से 31 अक्टूबर, 2014 तक ‘स्वच्छ भारत स्वच्छ विद्यालय’ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। 25 सितंबर को स्कूलों में घट स्थापना का अवकाश होने के कारण अभियान की शुरूआत 26 सितंबर से होगी।
> प्रार्थना सभा में स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं पर छात्रों का उद्बोधन।
> कक्षा-कक्षा, प्रयोगशाला, वाचनालयों की सफाई
> स्कूल में स्थित महापुरुषों की मूर्तियों की सफाई
> शौचालय, पानी की टंकी, भंडार कक्ष की सफाई
> विद्यालय भवन की वार्षिक मरम्मत, रंगरोगन
> स्वच्छता से संबंधित निबंध, चित्रकला वाद-विवाद प्रतियोगिता।
> अभियान के तहत छात्र मंडल का गठन