डीजी ने कहा, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारो
बीकानेर | राजस्थानपुलिस के डीजी ने ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और दुर्घटनाओं को रोकने की आवश्यकता जताई है।डीजी ओमेन्द्र भारद्वाज ने सभी जिलों के एसपी और जयपुर-जोधपुर के उपायुक्तों से कहा है कि ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार किया जाए। सड़क दुर्घटनाएं रोकने, जाम की स्थिति से आमजन को परेशानी और आवागमन सुचारू की जाए। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि ट्रैफिक पुलिस की कमी की प्रतिशतता जिला पुलिस की नफरी में कमी की प्रतिशतता के बराबर होनी चाहिए। बीकानेर के पुलिस महकमे में 20 प्रतिशत नफरी की कमी है, जबकि ट्रैफिक पुलिस में 60 प्रतिशत की कमी है। डीजी के आदेश के बाद बीकानेर एसपी संतोष चालके ने पुलिस लाइन और थानों से 22 कांस्टेबल और पांच हेड कांस्टेबल ट्रैफिक पुलिस को दिए हैं। ट्रैफिक पुलिस में एसआई के चार में से तीन, हेड कांस्टेबल के 34 में से 16 और कांस्टेबल के 110 पद अब भी रिक्त हैं। इनके अलावा एक इंस्पेक्टर और डीवाईएसपी मौजूद हैं।