पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मुख्यमंत्रियों से नहीं, 120 करोड़ जनता से बनेगी टीम इंडिया

मुख्यमंत्रियों से नहीं, 120 करोड़ जनता से बनेगी टीम इंडिया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
योजनाआयोग की सोच 1928 में स्वतंत्रता सेनानी सुभाषचंद्र बोस ने पंडित जवाहर लाल नेहरू के समक्ष पेश की थी। देश के पहले प्रधानमंत्री ने उसे फलीभूत किया था मगर आज प्रधानमंत्री बोस की सोच को ही बदलना चाहते हैं। मुख्यमंत्रियों के साथ मिलकर टीम इंडिया बनाने की बात कर रहे हैं लेकिन टीम इंडिया सिर्फ चुनिंदा मुख्यमंत्री, सांसद या केन्द्रीय मंत्रियों से नहीं बल्कि देश की 120 करोड़ जनता को साथ लेकर बनेगी।

डूंगर कॉलेज में लोकतंत्र पर आघात विषय पर आयोजित एक गोष्ठी में मीनाक्षी नटराजन ने यह बात कही। राहुल गांधी की कोर टीम की सदस्य नटराजन ने कहा कि जिन सांसदों को कानून बनाना चाहिए वे गांव गोद ले रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने कहा कि युवाओं को बहलाकर भाजपा ने वोट तो ले लिए मगर अब उन्हें छला जा रहा है। कोलायत विधायक भंवर सिंह भाटी, कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष विजयपाल बेनीवाल आदि ने कार्यक्रम को संबोधित किया। इस मौके पर बिशनाराम सियाग, मनीराम सहित तमाम नेता मौजूद थे। उधर पंचायत समिति सभागार में पंचायतीराज जागरूकता अभियान कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें नटराजन ने मुख्यअतिथि के रूप में भाग लिया।

डूंगर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करती मिनाक्षी नटराजन।

सदन चलाना विपक्ष की जिम्मेवारी नहीं

साध्वीनिरंजन ज्योति बयान मामले के बाद लोकसभा राज्यसभा में हुए हंगामे के संबंध में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि सदन चलाना विपक्ष का काम नहीं है। सत्ता पक्ष की जिम्मेवारी है। जब हम सत्ता में थे तब भाजपा भी यही कहती थी। उन्होंने साध्वी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री उन्हें गांव का बताकर बचाव कर रहे हैं लेकिन गांव से आने का मतलब किसी को गाली नहीं दी जा सकती। एक सवाल के जवाब में नटराजन ने कहा कि महानरेगा को केन्द्र सरकार जानबूझकर कमजोर करना चाहती है। संगठन मुद्दों पर किए सवालों से वे बचती रहीं लेकिन राजस्थान विवि में एनएसयूआई को मिली जीत को उन्होंने राहुल की सोच का नतीजा बताया। विधानसभा, लोकसभा और निकाय चुनाव में हार के सवाल को टाल गई।