पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ऊंट पालकों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

ऊंट पालकों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बीकानेर . जिले के ऊंट पालकों ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। विभिन्न क्षेत्रों से ऊंटों सहित कलेक्ट्रेट पहुंचे ऊंट पालकों ने जनवरी में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव में ऊंट दौड़ को शामिल नहीं करने का विरोध किया।

प्रदर्शनकारी ऊंट पालकों ने इस बार ऊंट उत्सव से ऊंट दौड़ को हटाने के फैसले के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा, यदि ऊंट उत्सव में ऊंट दौड़ को शामिल नहीं किया गया तो ऊंट पालक ऊंटों से संबंधित अन्य प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा नहीं लेंगे। ऊंट पालकों के प्रतिनिधि मंडल ने इस संबंध में अतिरिक्ति जिला कलेक्टर तथा पर्यटन विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन देकर उत्सव में ऊंट दौड़ को शामिल करवाने की मांग की। ऊंट पालक मोहम्मद रफीक ने कहा कि बीकानेर में 20 सालों से ऊंट उत्सव का आयोजन होता रहा है।
प्रति वर्ष महोत्सव के दौरान ऊंट दौड़ होती आई है। यदि पर्यटन विभाग जिला प्रशासन ने ऊंट पालकों की मांग को अनदेखा किया तो ऊंट उत्सव का बहिष्कार किया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में ऊंट पालक राम जाट, साबीर अली, रामअवतार, धनु माली, इमरान अली, अख्तर खां, मोहन सिंह, लक्ष्मण आदि शामिल हुए।

ऊंट पालकों ने प्रदर्शन के जरिये अपनी बात को जिला प्रशासन पर्यटन विभाग तक पहुंचाया है। यदि ऊंट उत्सव में ऊंट दौड़ को शामिल नहीं किया गया तो ऊंटों से संबंधित अन्य प्रतियोगिताओं का भी बहिष्कार किया जाएगा। - राम अवतार,ऊंटपालक

पर्यटन मुख्यालय ने ऊंट उत्सव के दो दिवसीय कार्यक्रम बीकानेर शहरी क्षेत्र स्थित डॉ.करणी सिंह स्टेडियम में करवाने के निर्देश दिए है। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में ऊंट दौड़ के लिए पर्याप्त स्थान नहीं होने के कारण ऊंट दौड़ करवाना संभव नहीं होगा। -अजय शर्मा, सहायकनिदेशक, पर्यटन विभाग

यह है मामला

बीकानेर में साल 1994 से ऊंट उत्सव का आयोजन हो रहा है। ऊंट उत्सव के तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत पिछले साल तक एक दिन के आयोजन डॉ.करणी सिंह स्टेडियम में तथा अंतिम दो दिन के आयोजन गांव लाडेरां के धोरों में होते आए है।
इस बार पर्यटन मुख्यालय चार पांच जनवरी-2015 में होने वाले ऊंट उत्सव में तीन दिन की बजाए दो दिन के कार्यक्रम ही आयोजित करवाने के निर्देश दिए है। वहीं सभी कार्यक्रम डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होने प्रस्तावित है।