बीकानेर. वेटरनरी विश्वविद्यालय के बीकानेर और वल्लभनगर वेटरनरी कॉलेज की 191 सीटों में 144 सीटें भर गई। अभी भी 47 सीटें रिक्त हैं। इन सीटों के लिए दूसरी काउंसिलिंग होगी।
दो दिनों से उन छात्रों के कागजात चैक और फीस जमा की जा रही थी जिन्हें प्रोवीजनल सीटें आबंटित की गई थी। जिन्होंने प्रोवीजनल सीटें आबंटित होने के बाद भी फीस जमा नहीं की अब उन्हें यहां प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उनकी जगह प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा।
आरपीवीटी कन्वीनर डॉ.हेमंत दाधीचि ने बताया कि पहली काउंसिलिंग पूरी होने के बाद जो सीटें रिक्त रह गई हैं उनको भरने के लिए दूसरी काउंसिलिंग होगी। उल्लेखनीय है कि दोनों राजकीय वेटरनरी कॉलेजों में 100-100 सीटें हैं। बीकानेर वेटरनरी कॉलेज की 100 सीटों में नौ सीटें केन्द्रीय प्री-वेटरनरी टेस्ट में पास होने वालों के लिए आरक्षित हैं। शेष 91 सीटों में 69 सीटें भर गई और 22 रिक्त हैं। वल्लभनगर कॉलेज की 100 सीटों में से 75 सीटें भर गई और 25 सीटें रिक्त हैं। निजी वेटरनरी कॉलेजों में प्रवेश नहीं लिए गए।
ऑनलाइन करीब 3000 ने काउंसिलिंग में भाग लिया था और विवि ने 191 को प्रोवीजनल सीटें आबंटित की थी। अब शेष 47 सीटाें के लिए 18 सितंबर को प्रोवीजनल सीटें आबंटित की जाएगी। 22 23 सितंबर को दूसरी काउंसिलिंग वाले छात्रों को मूल दस्तावेज चैक और फीस जमा कराने के लिए यहां आना होगा।