वृद्धजनों के सम्मान से बढ़ता है यश
संवित्स्वामी सोमगिरि महाराज ने कहा कि जिस घर में प्रतिदिन वृद्ध जनों का सम्मान किया जाता है वहां आयु, विद्या, यश बल बढ़ते है। वे बल्लभ गार्डन विकास मंच की ओर से आयोजित वृद्धजन सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। मंच की ओर से आयोजित तीन दिवसीय आदर्श जीवन धारा व्याख्यान माला के तीसरे दिन का शुभारंभ संस्कार प्ले स्कूल में प्रमिला गंगल ने मंगलाचरण के साथ किया। मुख्य अतिथि विधायक सिद्धि कुमारी ने ने प्रत्येक वार्ड में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता जताई।
शहर भाजपा अध्यक्ष विजय आचार्य ने बुजुर्गों का आत्म सम्मान, पारिवारिक सम्मान के लिए मंच की ओर से की गई इस पहल की सराहना की। अखिलेश प्रतापसिंह, पूर्व उपजिला प्रमुख प्रेमसुख सहारण, डॉ. आर.बी.सिंह आदि ने विचार व्यक्त किए। मंच के अध्यक्ष विवेक मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम में वार्ड नंबर 39 से 75 वर्ष अधिक आयु वर्ग के 21 महिला एवं पुरुषों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा मंच के कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। मंच के विजयसिंह, रामचन्द्र मूलू, मेघराज सोलंकी, हरिसिंह, संतोष कंवर, द्रोपदी छींपा, रमेश छींपा आदि ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए।
बल्लभ गार्डन विकास समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में त्रिलोचना देवी को सम्मानित करते सोमगिरिजी महाराज सिद्धि कुमारी।