- Hindi News
- भाटी ने फिर उठाया ओरण, गोचर पर अवैध काश्त का मुद्दा
भाटी ने फिर उठाया ओरण, गोचर पर अवैध काश्त का मुद्दा
कोलायतके पूर्व विधायक देवीसिंह भाटी ने प्रदेश में गोचर-ओरण की हजारों बीघा जमीन पर नाजायज काश्त का आरोप लगाते हुए ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करने और फसलें नष्ट करने की मांग उठाई हैं। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को पत्र लिखकर इस बात पर अफसोस जताया है कि शिकायत करने के बावजूद नाजायज काश्त करने वालों के खिलाफ विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा है।
गोचर, ओरण, जोड़-पायतान आदि जनहित की जमीनों पर अतिक्रमण, आबंटन और नाजायज काश्त के मुद्दे पर लंबा आंदोलन छेड़ चुके भाटी ने एक बार फिर यह मुद्दा उठाते हुए कहा है, बीकानेर-जैसलमेर जिले के राजस्व क्षेत्रों में ऐसी हजारों बीघा जमीन पर भूमाफियाओं ने अवैध काश्त कर रखा है। इन क्षेत्रों के ग्रामीणों को पशु चराने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन को बार-बार शिकायतें की लेकिन विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा। नाजायज काश्त करने वालों के हौसले बुलंद हो रहे हैं और कानून का डर खत्म हो रहा है। भाटी ने सुझाव दिया है कि अवैध काश्त करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही राजस्व के जीन अधिकारियों की कमेटी बनाकर ऐसी फसलें नष्ट करवाई जाएं।