ऐतिहासिक मंदिरों का निखरेगा स्वरूप
बीकानेरके ऐतिहासिक मंदिरों में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं सहित पर्यटकों के लिए उपलब्ध साधन-सुविधा में इजाफा होगा।
लक्ष्मीनाथजी, रतन बिहारी, नागणेचीजी, देशनोक करणी माता मंदिर, मुकाम जम्बेश्वर तथा सालासर हनुमान मंदिर के विकास और साधन-सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। देवस्थान मुख्यालय ने इन मंदिरों का मास्टर प्लान तैयार करने के लिए स्थानीय विभाग को पांच लाख 50 हजार रुपए का बजट जारी किया है। जिसमें लक्ष्मीनाथ मंदिर, रतन बिहारी मंदिर, नागणेची जी मंदिर, मुकाम जम्बेश्वर मंदिर तथा सालासर हनुमान मंदिर के लिए एक-एक लाख और देशनोक करणी माता मंदिर के लिए 50 हजार रुपए शामिल है। देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश पालीवाल ने बताया कि मंदिरों का मास्टर प्लान के लिए बजट मिल गया है। मुख्यालय के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विदित रहे कि राज्य सरकार के बीकानेर संभाग दौरे के तहत मुख्यमंत्री ने इन मंदिरों का मास्टर प्लान बनाकर विकास की घोषणा की थी।