- Hindi News
- शिक्षा निदेशालय में आधे दिन का कार्य बहिष्कार
शिक्षा निदेशालय में आधे दिन का कार्य बहिष्कार
शिक्षानिदेशालय से पांच अनुभाग जयपुर भेजने के विराेध में कर्मचारियों ने सोमवार को आधे दिन का कार्य बहिष्कार किया। निदेशालय में नारेबाजी की और शिक्षा निदेशक को ज्ञापन देकर अनुभाग वापस लाने की मांग की। साथ ही शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी को आंदोलन का नोटिस भेजा है।
शिक्षा निदेशालय से आई सीटी सहित पांच अनुभाग जयपुर भेजने के विरोध में कर्मचारी भोजनावकाश के समय निदेशालय परिसर में एकत्रित हुए और नारेबाजी की। उन्होंने शिक्षा निदेशक बी.एल.मीणा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। भामसं सहित कई संगठनों के पदाधिकारी भी उनके साथ थे। कर्मचारियों को कहना था कि निदेशालय के अधिकारियों से दो फाइलें ही जयपुर मंगवाई थी लेकिन उन्होंने गुपचुप तरीके से सौ फाइलें भेज दीं। रविवार अवकाश के बावजूद गाड़ी से रिकार्ड जयपुर भेजा जा रहा था, जिसे रोका गया। शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ के राजेश व्यास, मदन मोहन, सत्यनारायण देवड़ा आदि कर्मचारियों ने निदेशक से मांग की कि रिकार्ड शीघ्र ही वापस लाया जाए। शिक्षा निदेशक ने इस संबंध कर्मचारियों का पक्ष सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने आधे दिन का कार्य बहिष्कार कर दिया।
अनुभाग जयपुर भेजने के विरोध में शिक्षा निदेशक का घेराव करते कर्मचारी।
शिक्षा मंत्री को भेजा आंदोलन का नोटिस
शिक्षाविभागीय कर्मचारी संघ ने शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी को आंदोलन का नोटिस भेजा है। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण देवड़ा ने नोटिस में लिखा है कि राज्य का माध्यमिक शिक्षा निदेशालय बीकानेर में होने के कारण माध्यमिक शिक्षा परिषद का कार्यालय भी यहीं पर होना चाहिए। प्रशासनिक नियंत्रण निदेशालय का ही होता है, जबकि निदेशालय से अनुभाग प्रोजेक्ट में शिफ्ट किए जा रहे हैं। शिक्षा मंत्री को लिखा है कि यदि शीघ्र अनुभाग वापस बीकानेर शिफ्ट नहीं किए तो आंदोलन किया जाएगा।