अब हाथोंहाथ जमा होगा पैसा
सेविंगके पैसे जमा कराने, रजिस्ट्री करवाने के लिए अब आपको डाकघर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। डाकिया जहां भी मिलेगा आप उसे पैसे जमा करवा सकते हो या रजिस्ट्री करवा सकते हो। डाकिया आपको हाथोंहाथ रसीद भी दे देगा।
लोगों को राहत मिले इसके लिए डाक विभाग शाखा डाकघरों में हैंड हैंडल डिवाइस देगा। डिवाइस देने से पीछे विभाग का मकसद है कि एक तो ये शाखा डाकघर अपने स्तर पर कोर बैकिंग से जुड़ जाए। दूसरा यह कि शाखा डाकघरों में एक या दो कर्मचारी होते हैं जो डाक बांटने या अन्य कामों में जाते हैं तो लोगों को पैसे जमा कराने या अन्य काम करने के लिए बार-बार डाकघर के चक्कर निकालने पड़ते हैं। ऐसा करने से लोगों को राहत मिलेगी। प्रायोगिक तौर पर यह काम जिले के 42 शाखा डाकघरों में किया जाएगा। इसमें श्रीडूंगरगढ़ के 29 और सूडसर के 13 शाखा डाकघर इस योजना से जुड़ेंगे। इन डाकघरों को हैंड हैंडल डिवाइस अगले तीन से चार माह में दे दिए जाएंगे। विभाग इसके अलावा मुख्य डाकघरों को कोर बैकिंग से जोड़ने के लिए भी तैयारी कर रहा है।
माई स्टाम्प के प्रति बढ़ रहा रुझान
डाकटिकट से साथ अपना फोटो निकलवाने के प्रति शहरवासी उत्साहित है। माय स्टाम्प में आपके फोटो वाले टिकट को आप पत्र, कुंकुम पत्रिका अन्य कागजातों पर लगाकर अाप उसे रिश्तेदारों के पास डाक से भेज भी सकते हैं। बीकानेर में अभी तक स्कूली बच्चों सहित 67 लोगों ने ऐसी टिकट तैयार करवा ली है। इसमें एक शीट पर 12 डाक टिकट आपका फोटो लगाकर तैयार होंगे।