सेना भर्ती परीक्षा अब 26 अक्टूबर को
बीकानेर. पेपरलीक होने के कारण रद्द हुई सेना भर्ती की परीक्षा अब 26 अक्टूबर को होगी। इसके अलावा सेना में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा भी इसी दिन आयोजित की जाएगी।
पेपर लीक होने के कारण 31 अगस्त को हुई सैनिक सामान्य पद(जीडी) की लिखित परीक्षा रद्द कर दी गई थी। उन अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा अब 26 अक्टूबर को दुबारा करवाई जाएगी। भर्ती निदेशक कर्नल अजय कपिल ने बताया कि बीकानेर रैली के अनेक अभ्यर्थी मेडिकल जांच और ग्राउंड एक्सरसाइज में अब फिट हुए हैं। उनकी परीक्षा भी साथ ही करवाई जाएगी। आर्मी स्कूल में 26 अक्टूबर को सैनिक सामान्य, सैनिक क्लर्क-एसकेटी, सैनिक ट्रेडमेन और सैनिक तकनीकी पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई है। इस परीक्षा 800 से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें जीडी सोल्जर की परीक्षा देने वाले 414 वे अभ्यर्थी हैं, जिनकी परीक्षा रद्द कर दी गई थी। परीक्षा बीकानेर, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर तीन जिलों के अभ्यर्थियों के लिए होगी।
सेना भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित
सैनिकतकनीकी और सैनिक ट्रेडमेन पद की लिखित परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया गया। यह परीक्षा 31 अगस्त को आर्मी पब्लिक स्कूल में हुई थी। सेना भर्ती निदेशक कर्नल अजय कपिल ने बताया कि बीकानेर से श्योपत राम तर्ड, महेंद्र पंवार, हनुमानगढ़ से बलवंत सिंह, विनोद कुमार, देवीलाल, नरेंद्र सिंह तथा श्रीगंगानगर से जितेंद्र सिंह सुरेश कुमार का चयन किया गया है। इन अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेजों सहित 17 सितंबर को सुबह आठ बजे भर्ती कार्यालय में अपनी उपस्थिति देनी होगी।
इस बार सेना चौकन्नी
सेनाभर्ती लिखित परीक्षा को देखते हुए इस बार सेना चौकन्नी है। सेना भर्ती का 31 अगस्त का पेपर लीक होने की घटना को देखते हुए सेना पुलिस और इंटेलीजेंस पहले से ही सक्रिय हो गई हैं। जिला पुलिस से भी आग्रह किया जा रहा है कि पेपर लीक करने वाले संदेहास्पद लोगों पर नजर रखी जाए। 31 अगस्त को जीडी सोल्जर का पेपर लीक करने के आरोपी एसओजी और पुलिस की गिरफ्त में हैं। पूछताछ में उनसे काफी अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर एसओजी की जांच जारी है।