बीकानेर | मानसून अब विदाई की तैयारी में है। दो दिनों से आसमान साफ है। बादल दिखाई नहीं दे रहे हैं। इस कारण अब बारिश और बूंदाबांदी की संभावनाएं भी कम ही नजर रही है। सुबह-शाम का मिजाज भी बदलने लगा है।
रात को हलकी ठंडक होने से खुले में सोने वालों को चादर का सहारा लेना पड़ रहा है। हालांकि दिन में धूप निकलने से अब भी गर्म अहसास होता है। एयरकंडीशन की जरूरत कम है।
कूलर पंखे से ही काम चल रहा है। दिन का तापमान अब भी 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के इर्द-गिर्द है और रात में 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान हो रहा है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बीती रात का न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच आठ किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चली।
स्वास्थ्य के जानकारों का कहना है कि रात में ठंडक और दिन में गर्मी होने वाले मौसम में मौसमी बीमारियां होने की आशंका बढ़ जाती है इस कारण लोग सावधानी बरतें। सर्दी, जुकाम बुखार जैसे रोग पनपते हैं।