बीकानेर. नगर निगम चुनाव में 19 महिला वार्ड से चुनाव लड़ने वाली सभी भाजपा उम्मीदवारों को अपने वार्ड से एक बस महिलाओं को जयपुर सम्मेलन में ले जाना होगा। फिर वे उम्मीदवार चुनाव जीती हो या हार गई हों।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुनीता सेठ ने बुधवार को शहर भाजपा कार्यालय में महिला मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक ली और उसमें ये लक्ष्य दिए। इसके साथ ही स्थानीय भाजपा इकाई, विधायक और अन्य पदाधिकारियों को महिलाओं के लिए बसों का इंतजाम करने के लिए कहा।
सदस्यता अभियान मामले में भी प्रत्येक वार्ड में 400 महिलाओं को सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया। पूरे शहर से पांच हजार महिला सदस्यों का लक्ष्य दिया गया। सदस्यता अभियान की प्रभारी आरती आचार्य ने उन्हें आश्वस्त किया कि शहर में ये लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। देहात महिला मोर्चा अध्यक्ष कृष्णा कंवर शेखावत और सदस्यता अभियान प्रभारी सरोज मरोठी ने भी लक्ष्य पूरा करने का भरोसा दिया।
दोपहर एक बजे यहां पहुंची सेठ ने पहले प्रदेश उपाध्यक्ष नंदकिशोर सोलंकी से भी मुलाकात की। हालांकि महिलाओं की बैठक में वर्तमान महिला मोर्चा अध्यक्ष नीना अरोड़ा नहीं पहुंची मगर नवनिर्वाचित महिला पार्षद मौजूद रही। शाम पांच बजे वे जयपुर के लिए रवाना हो गई। बैठक में कुंती द्विवेदी, रुक्मणी, कमला श्रीमाली, पुष्पा गहलोत सहित तमाम महिलाएं मौजूद थी।
भाजयुमोकार्यकर्ता भी जाएंगे जयपुर सम्मेलन में : भाजपायुवा मोर्चा की बैठक बुधवार को पार्टी कार्यालय में हुई। बैठक भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंद किशोर सोलंकी, जिलाध्यक्ष विजय आचार्य और भाजयुमो जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र शर्मा ने 13 को सरकार के एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में जयपुर में होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में महावीर रांका, युधिष्ठिर सिंह भाटी, ललित मोदी, चंद्र मोहन जोशी, गौरव चौधरी, गिरिराज जोशी, दुर्गा शंकर व्यास आदि ने सम्मेलन को सफल बनाने पर चर्चा की।
हम कोशिश तो कर रहे, उन्होंने तो कुछ नहीं किया
प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता सेठ ने भास्कर से बातचीत में कहा कि प्रदेश में महिला अपराध के मामले में पूर्व सरकार तो अपराध रोकने की कोशिश भी नहीं करती थी। भले ही अपराध नहीं रुक रहे हों लेकिन हम कोशिश तो कर रहे हैं।