बीकानेर को बनाएंगे सिरेमिक हब
प्रभारीमंत्री राजकुमार रिणवा ने कहा कि बीकानेर को सिरेमिक हब बनाएंगे। इससे यहां उद्योग के साथ रोजगार की संभावना भी बढ़ेगी। सूचना विभाग में फोटो प्रदर्शनी का उदघाटन करने के बाद कहा कि जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। शीघ्र ही जल शुद्धिकरण यंत्र स्थापित किए जाएंगे। जिले की 15 से 45 वर्ष की सभी महिलाओं और किशाेरियों को एनीमियां से मुक्त करने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग नवाचार के रूप में मिशन अगेंस्ट एनीमिया शुरू करेगा। मंत्री के विभिन्न कार्यक्रमों से शहर भाजपा संगठन दूर रहा।
जीएसएसका किया लोकार्पण
प्रभारीमंत्री राजकुमार रिणवा ने रविवार को करणीनगर सब स्टेशन में 33/11 केवी का लोकार्पण किया। आरएपीडीआरपी योजना के तहत यह सब स्टेशन बनाया गया है। इसमें करीब दो करोड़ खर्च हुए हैं। इसके अंतर्गत एक गुणा पांच एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर द्वारा विद्युत सप्लाई की जाएगी। इससे करणीनगर, गांधी नगर, वेटरनरी कैंपस निकटवर्ती क्षेत्र के उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। इसके बनने से 18 लाख यूनिट विद्युत की सालाना बचत होगी। इस मौके पर पश्चिम विधायक डॉ.गोपाल जोशी, सिद्धिकुमारी, डॉ.विश्वनाथ सहित तमाम अधिकारी मौजूद थे।
फोटोप्रदर्शनी का उदघाटन
प्रभारीमंत्री राजकुमार रिणवा ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में आयोजित फोटो प्रदर्शनी का उदघाटन किया। सरकार आपके द्वार के तहत भरतपुर, बीकानेर और उदयपुर संभाग के दौरों से जुड़ी विभिन्न फोटोग्राफ्स यहां लगाई गई थी। बीकानेर के सिविल हवाई टर्मिनल का उदघाटन, कोलायत तहसील के लुंबासर गांव का दौरा, ग्रामीण लक्कड़नाथ के झोपड़े में नाथ समाज की महिलाओं से बातचीत, भिवाड़ी में सेंट गोबेन कंपनी द्वारा स्थापित वर्ल्ड ग्लास काम्प्लेक्स के उदघाटन आदि की फोटो भी प्रदर्शित की गई। जिला दर्शन पुस्तक का भी लोकार्पण किया।