रोडवेज के निजीकरण का विरोध
राज्यसरकार द्वारा रोडवेज बस स्टैंडों को प्राधिकरण का गठन कर यहां से निजी बसों के संचालन करने की योजना का रोडवेज कर्मचारी विरोध करेंगे। बुधवार को रोडवेज के केन्द्रीय बस स्टैंड पर आयोजित राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्पलाइज यूनियन (एटक) के शाखा सम्मेलन में कर्मचारियों से इसके लिए एकजुट होने का आह्वान किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन यूनियन के क्षेत्रीय समिति के सलाहकार महबूब पडि़हार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की निजीकरण नीति कर्मचारियों के हित में नहीं है। सरकार रोडवेज बस स्टैंडों का प्राधिकरण गठन कर यहां से निजी बसों के संचालन करने की योजना बना रही है जो कि रोडवेज के हित में नहीं है। इसका एटक विरोध करती है। उन्होंने इसके विरोध में समस्त श्रमिक संगठनों से एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए एटक के जिलाध्यक्ष प्रसन्न कुमार ने केन्द्र एवं राज्य की सरकारों द्वारा श्रम विरोधी नीतियों एवं निजीकरण को तेजी से लागू करने की निंदा की। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए श्यामदीन, उम्मेदसिंह, हीराराम बाना ने कर्मचारियों को इसके विरोध में एकजुट होने की बात कही। डेयरी के नेता अब्दुल रहमान आदि ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।
सम्मेलन को संबोधित करते एटक के जिलाध्यक्ष प्रसन्न कुमार।
शर्मा अध्यक्ष, जाहिद सचिव
सम्मेलनमें यूनियन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें सुरेश कुमार शर्मा अध्यक्ष, डूंगरदान, मो. साबिर वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ओमप्रकाश गोदारा कार्यकारिणी अध्यक्ष, जाहिद हुसैन सचिव, रामूदान, भूपेन्द्रसिंह संयुक्त सचिव, जगदीश डूडी, वित्त सचिव, जगमोहन सिंह संगठन सचिव नियुक्त किए गए। इसके अलावा अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की गई।