डेली तलाई में मिली लक्ष्मी
कोटगेटथाना क्षेत्र की मटका गली से अपहरण की गई तीन साल की बच्ची पूगल तहसील के डेली तलाई में मिल गई। पुलिस ने अपहरण करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
कोटगेट पुलिस थाने के एसएचओ संजय बोथरा ने बताया कि रविवार को सुबह मटका गली क्षेत्र से तीन साल की बच्ची लक्ष्मी का अपहरण हो गया था। उसके पिता भगवानदास की ओर से रिपोर्ट में मिलने पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की थी। देर रात को पुलिस को सुराग मिला की डेली तलाई निवासी छेलूसिंह ने बच्ची का अपहरण किया है। इस पर पूगल और दंतोर थानों की पुलिस को इत्तला दी गई और सोमवार को सुबह डेली तलाई में छेलूसिंह के घर दबिश दी तो वहां से बच्ची बरामद हो गई। पुलिस ने छेलूसिंह को गिरफ्तार कर लिया। लक्ष्मी को उसके परिजनों को सौंप दिया है। अभियुक्त को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को बेचने के उद्देश्य से उसका अपहरण किया गया था।
ऐसे किया अपहरण
रविवारको सुबह तीन साल की लक्ष्मी अपने दो भाइयों के साथ मटका गली में खेल रही थी। इस दौरान उसके दोनों भाई घर में गए और अभियुक्त छेलूसिंह बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। छेलूसिंह ने बच्ची को 20 रुपए दिए और कचौरी भी खिलाई। बच्ची को लेकर वह नयाशहर थाना क्षेत्र में गया और एक प्राइवेट बस से अपने गांव डेली तलाई चला गया।
आम आदमी की सूचना पर पकड़ा गया अभियुक्त
कोटगेटक्षेत्र के एक प्रतिष्ठान में काम करने वाले व्यक्ति ने पुलिस को बताया था कि रविवार को सुबह तीन शख्स मटका गली में दारू पी रहे थे। उनमें से एक शख्स संदिग्ध लगा। पुलिस ने इस सूचना पर छानबीन शुरू की तो अभियुक्त ट्रेस हो गया और पकड़ा गया।
आरोपी छेलू सिंह
सुबह पांच बजे भी मिल जाती है मटका गली में दारू
अभियुक्तछेलूसिंह ने सुबह करीब पांच बजे मटका गली से दारू खरीदी थी। दारू पीने के बाद उसने बच्ची का अपहरण किया था। छेलूसिंह रविवार को सुबह ट्रेन से जयपुर से बीकानेर आया था। मटका गली में उसने दारू खरीदी और करीब तीन पव्वे पी गया। उस समय उसके साथ दो अन्य शख्स भी थे। नशे में होने के बाद छेलूसिंह ने बच्ची को अकेली देखा और उसका अपहरण कर लिया। मटका गली में अक्सर शराबियों, जुआं-सट्टा करने वालों का जमावड़ा लगा रहता है।
अपने मां और अन्य परिजनों के साथ बालिका लक्ष्मी।