बीकानेर। नगर निगम के कर्मचारी गुरुवार से हड़ताल पर चले गए। वे बुधवार को नगर निगम कार्यालय में कर्मचारी विजय सिंह कर्णपुरा के साथ की गई मारपीट अशोभनीय व्यवहार करने वालों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। निगम कार्यालय में आए दिन होने वाले प्रदर्शन कार्मिकों के साथ फिल्ड में कार्य करते समय बाधा डालने के बाद भी प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने से कर्मचारियों में रोष बढ़ गया। उन्होंने गुरुवार दोपहर बाद नगर निगम कर्मचारी फैडरेशन के बैनर तले हड़ताल कर दी। उन्होंने निगम से संबंधित किसी भी कार्य को करने में असक्षमता जताते हुए निगम परिसर में नारेबाजी की। वहां ताला लगाने के बाद कर्मचारी जिला कलेक्टर आरती डोगरा एडीशनल एसपी से भी मिले।
उन्होंने निगम कार्यालय में बुधवार को अशोभनीय व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने कार्मिकों की सुरक्षा पुख्ता नहीं करने तक कार्य नहीं करने की घोषणा की। फेडरेशन के अध्यक्ष विजय सिंह कर्णपुरा ने बताया कि आए दिन हमारे साथ निगम कार्यालय में ही ऐसी घटनाएं होती है। इसके बावजूद उन लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं होती। इससे असामाजिक लोगों के हौंसले बढ़ जाते हैं। हम इसे अब बर्दाश्त नहीं करेंगे।
फैडरेशन महासचिव अनिल आचार्य ने बताया कि हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रहेगी। निगम के कार्मिक किसी भी प्रकार का काम नहीं करेंगे। हमारी सुरक्षा जरूरी है हम लोगों की सेवा करते हैं लेकिन मरने के लिए नहीं है। जब तक दोषी गिरफ्तार नहीं होंगे हड़ताल जारी रहेगी। गौरतलब है कि इस संबंध में विजय सिंह कर्णपुरा दूसरे पक्ष के लोगों ने सदर थाने में एफआईआर के लिए प्रार्थना पत्र पेश किया है।
संघर्ष समिति का प्रदर्शन आज : सफाई कामगार वाल्मीकि समाज संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट के आगे प्रदर्शन किया जाएगा। समिति के मिथुन चांवरिया ने बताया कि सुबह दस बजे समाज के लोग एकत्रित होंगे और सफाईकर्मियाें की भर्ती की मांग को लेकर निगम में प्रदर्शन करने वालों को फंसाने के मामले का विरोध करेंगे।
नगर निगम में झगड़े के परस्पर मुकदमे दर्ज: नगर निगम में कार्मिक और सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए पहुंचे लोगों में झगड़े के परस्पर मुकदमे सदर पुलिस थाने में दर्ज करवाए गए हैं। एक पक्ष के निगम यंत्रालय के प्रभारी विजयसिंह की ओर से सदर थाना पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि बुधवार को वह आयुक्त प्रशासन के ऑफिस में गया तो वहां सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए पहुंचे शिवशंकर बजाज कुर्सी पर लेटा था और छोटू नशे की हालत में फर्श पर लेटा था। ऐसा करने से मना किया तो मिथुन चांवरिया, अशोक दावा, खेमचंद, कमल चांवरिया, पन्नालाल, छोटूराम, हीरालाल चौहान, सुशील वाल्मिकी, शेखर चौहान, सुरेश गुजराती, दीपक जावा, विजय पंडित अन्य ने उससे धक्कामुक्की की।
फाइलों को नुकसान पहुंचाया और राजकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। दूसरे पक्ष के गंगाशहर निवासी खेमचंद वाल्मिकी की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि बुधवार को सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए आयुक्त से मिलने गए थे और वार्ता चल रही थी। इस दौरान विजयसिंह वहा आया और जातिसूचक गालियां निकाली। आयुक्त के कक्ष से बाहर आए तो आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और शिवशंकर बजाज को भी धमकाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से परस्पर मुकदमे दर्ज किए हैं।
(हड़ताल की घोषणा के बाद कार्यालय के बाहर खड़े नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी।)