- Hindi News
- बच्चा हॉस्पिटल की लेबोरेट्री में आग, बड़ा हादसा टला
बच्चा हॉस्पिटल की लेबोरेट्री में आग, बड़ा हादसा टला
पीबीएमपीडिएट्रिक हॉस्पिटल (बच्चा हॉस्पिटल) में बुधवार दोपहर को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग हॉस्पिटल की लेबोरेट्री में उस वक्त लगी जब हॉस्पिटल की छुट्टी के बाद कर्मचारी निकले ही थे। ऐसे में बड़ा हादसा तो नहीं हुआ लेकिन यहां लगा एसी फुंक गया। मोटे तौर पर लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है फिर भी पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर लगभग सवा दो बजे लेबोरेट्री के बंद दरवाजे के नीचे से धुआं निकलता दिखा। ऐसे में एक गार्ड ने हल्ला मचाया। हॉस्पिटल के सामने ही रहने वाले आरएमओ डा.कुलदीप बीठू को समाचार दिया जो मौके पर पहुंच भी गए। इसी बीच दो लोग वहां लगे अग्निशमन उपकरण उठा लाए और लेबोरेट्री के पीछे की खिड़की तोड़कर आग पर नियंत्रण की कोशिशें शुरू की। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। हॉस्पिटल सुपरिटेंडेंट डा.के.के.वर्मा, पीडिएट्रिक विभागाध्यक्ष डा.पी.के.बैरवाल, सहित कई डाक्टर-अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि दमकल भी पहुंची लेकिन तब तक लोगों ने मिलकर आग पर काबू पा लिया। डा.वर्मा का कहना है, जांच के लिए कमेटी बनाई है। इस कमेटी में डा.पी.के.बैरवाल, ईएमडी प्रभारी डा.प्रमोद ठकराल और संबंधित ब्लॉक की मैट्रन शामिल है।
पीबीएम बच्चा हॉस्पिटल में आग से बाद जला सामान।
लोड का अनुमान नहीं
पीबीएमहॉस्पिटल में पिछले कुछ महीनों में ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही है। मसलन, हॉस्पिटल के ओटी और गर्ल्स हॉस्पिटल इसके ताजे उदाहरण है। हॉस्पिटल प्रशासन मानता है कि विद्युत भार (लोड) का सही अनुमान नहीं होने और विद्युत उपकरणों की तादाद बढ़ने से भी ऐसी घटनाएं हो सकती है। इसके लिए हॉस्पिटल परिसर में नया विद्युत सब-स्टेशन बनाने की तैयारी भी चल रही है।