- Hindi News
- भंवरसिंह ने विधानसभा में कहा, बज्जू को पंस बनाने पर बरत रहे भेदभाव
भंवरसिंह ने विधानसभा में कहा, बज्जू को पंस बनाने पर बरत रहे भेदभाव
कोलायतविधानसभा क्षेत्र के बज्जू गांव को पंचायत समिति बनाने का मसला बुधवार को विधानसभा में उठा। विधायक भंवरसिंह भाटी ने आरोप लगाया कि एक राजनेता के इशारे पर विकास अधिकारी, तहसीलदार, एसडीएम ने भेदभाव बरतते हुए मापदंडों के विपरीत प्रस्ताव बनाकर कलेक्टर को भेज दिए। करीब 30 से ज्यादा पंचायतों में ग्राम पंचायतों में ऐसे गांव जोड़े हैं जिनकी दूरी आठ से 35 किमी तक दूर है। भाटी ने कहा, राजस्थान में सबसे ज्यादा आपत्तियां कोलायत क्षेत्र से आई लेकिन इनकी अनदेखी की जा रही है। कोलायत पंचायत समिति की आबादी ढाई लाख से भी ज्यादा है। ऐसे में यहां 55 से ज्यादा ग्राम पंचायतें बनाई जा सकती हैं जबकि द्वेषता बरतते हुए पंचायतों की संख्या 49 रखी गई है।
मंत्री गुलाबचंद कटारिया ने इस मुद्दे जवाब में आश्वस्त किया कि नियमों और मानदंडों के अनुरूप ही कार्रवाई होगी। कहीं गलत होगा तो उसे तो उसे दुरुस्त करवाएंगे। कटारिया ने कहा, इस बारे में जो भी आपत्तियां कलेक्टर के यहां दर्ज हुई है अब उनका निस्तारण हो रहा है। उसके बाद भी लगता है कि कुछ गलत रह गया है तो संभागीय आयुक्त के यहां सुनवाई होगी आखिर में मंत्री स्तर पर। इस पर नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने हस्तक्षेप करते हुए सवाल उठाया, पंचायत समिति स्तर पर जिन अधिकारियों ने डिलिमिटेशन किया उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो सकती। नीचे से जो गलती हुई है उसकी जांच करवाई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो।