मंत्री के अाश्वासन पर लौटे सीएडी कर्मी
सिंचितक्षेत्र विकास विभाग के कर्मचारी कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र राठौड़ और अन्य अधिकारियों के आश्वासन के बाद बीकानेर लौट गए। कर्मचारी नेता आनंद पणिया, अमित गोस्वामी, सतीश गहलोत, सतीश शर्मा, बाबूलाल सुथार, रणजीत सिंह सहित तमाम कर्मचारी दो दिन पहले जयपुर गए थे। वहां मंत्री राठौड़ से कर्मचारियों से सीएडी को तोड़ने वाले आदेश का हवाला देते हुए बताया कि कुछ अधिकारी निजी स्वार्थ के कारण विभाग को तोड़ने में लगे हुए हैं जबकि सीएडी की अभी भी बीकानेर संभाग को जरूरत है। राठौड़ ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि सरकार इसमें सकारात्मक रुख अपनाएगी। बाद में प्रमुख सचिव सीएडी अजिताभ शर्मा,प्रमुख शासन सचिव वित्त प्रेम सिंह मेहरा, प्रमुख शासन सचिव कार्मिक आलोक गुप्ता, शासन सचिव बजट सिद्धार्थ महाजन, शासन सचिव वित्त व्यय सुरेश चंद्र दिनकर आदि अधिकारियों से वार्ता कर ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने सीएडी की उपयोगिता, वर्तमान में सीएडी में अधूरे काम, सरकार की योजना और बजट का भी हवाला दिया। कर्मचारी समाप्त किए जाने वाली सभी विंग का महत्त्व बताते हुए कहा कि इसके बाद भी सरकार नहीं मानी तो पूरे जिले के कर्मचारी आंदोलन करने काे बाध्य होंगे। कर्मचारियों का कहना है कि सभी अधिकारियों ने सकारात्मक रुख दिखाया है। इस कारण उम्मीद है कि सरकार ऐसा कोई निर्णय नहीं करेगी जिससे कर्मचारी आंदोलन करने काे बाध्य हों।