मूंगफली के भाव कम, किसान मायूस
मंडी में घटी आवक, 500 रुपए प्रति क्विंटल भाव टूटे
मूंगफलीकी बीजाई करने वाले किसानों के चेहरे पर मायूसी है। बाजार भावों में गिरावट से किसानों का मूंगफली से मोहभंग हो रहा है।
पिछले सप्ताह से अब तक मूंगफली के बाजार भावों में प्रति क्विंटल पर 200 से 300 रुपए की कमी हुई है। हालांकि सर्दी में तेजी के साथ किसानों को भावों में बढ़ोतरी की उम्मीद थी। इन दिनों कृषि मंडी में मूंगफली के ऊपर में 3800 रुपए और नीचे में 2900 रुपए प्रति क्विंटल के भाव चल रहे है। जबकि नवंबर के अंतिम सप्ताह तक ऊपर में 4000 रुपए और नीचे में 3200 प्रति क्विंटल के भाव थे।
मूंगफली के बाजार भावों में गिरावट से किसानों में भी मायूसी छाई हुई है। भावों में गिरावट का असर मूंगफली की आवक पर भी पड़ा है। इन दिनों गंगानगर रोड स्थित कृषि मंडी में रोजाना 70 हजार बोरी मूंगफली की आवक हो रही है। जबकि पिछले सप्ताह तक आवक 90 हजार बोरी के करीब थी। उधर, इस बार सरकारी खरीद की संभावना भी नहीं लग रही है। कृषि मंडी में मूंगफली लेकर पहुंचे किसानों ने बताया कि इस बार मूंगफली के मन मुताबिक भाव नहीं मिल रहे हैं। बाजार भाव घोषित समर्थन मूल्य 4000 रुपए प्रति क्विंटल से नीचे होने के कारण किसान आगामी सीजन में मूंगफली की बजाए ग्वार और मोठ का बीजान करने का मानस बना रहे है।
मंडी में लगी मूंगफली की ढेरी।
मूंगफली की डिमांड कमजोर
मूंगफलीकी डिमांड कमजोर होने से भावों में इजाफा नहीं हो रहा है। हालांकि पिछले साल भी मूंगफली के बाजार भावों की स्थिति लगभग यही थी लेकिन सरकार की ओर से समर्थन मूल्य पर खरीद करने से किसानों को प्रति क्विंटल पर 4000 रुपए के दाम मिल सके। साल 2013-14 में सरकार ने नैफेड और तिलम संघ के मार्फत बीकानेर जिले में लगभग 30 लाख बोरी मूंगफली की सरकारी खरीद की थी। यही मूंगफली अब तेल मील संचालक खरीद रहे हैं। जिससे नई मूंगफली की डिमांड नहीं बढ़ रही है।
फैक्ट फाइल
>15 अक्टूबर से 14 दिसंबर तक आवक : 37 लाख बोरी
> औसत बाजार भाव : ~ 3500 प्रति क्विंटल
> घोषित समर्थन मूल्य : ~ 4000 प्रति क्विंटल
> भाव में अंतर : ~ 500
> साल 2013-14 में बीकानेर मंडी में आवक : 42 लाख बोरी