बीकानेर. नाल/श्रीडूंगरगढ़. बीकानेर पुलिस ने एक ही दिन में 1.40 करोड़ रुपए की शराब से भरी तीन गाड़ियां पकड़कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई शराब हरियाणा-पंजाब से तस्करी कर गुजरात ले जाई जा रही थी।
नाल पुलिस ने पकड़े दो ट्रक : नालपुलिस थाने के एसएचओ नरेन्द्र पूनिया ने बताया कि मुखबिर से इत्तला मिलने पर बुधवार को सुबह जैसलमेर बाइपास पर कांवनी फांटे के पास नाकाबंदी की। इस दौरान वहां अवैध शराब से भरे शराब के दो ट्रक पकड़े गए।
एक ट्रक में अवैध शराब के 1084 कार्टून थे जिसमें शराब और बीयर भरी हुई थी। ट्रक में ड्राइवर पंजाब में तरणताल निवासी साहबसिंह जटसिख खलासी बलबीरसिंह जटसिख सवार थे। दूसरे ट्रक में शराब-बीयर के 1045 कार्टून थे। इस ट्रक के ड्राइवर हरियाणा में कुरूक्षेत्र निवासी अमनदीपसिंह लबाना सिख खलासी गुरविन्द्रसिंह सवार थे। दोनों ट्रक के चालक-खलासी को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। बरामद की गई शराब पंजाब के अबोहर और और हरियाणा के झज्झर से तस्करी कर लाई गई थी और गुजरात ले जाई जा रही थी। शराब की कीमत करीब एक करोड़ रुपए है।
डीजल के टेंकर में मिली 40 लाख की शराब : श्रीडूंगरगढ़पुलिस थाने के एसएचओ इस्लाम खां ने बताया कि मुखबिर की इत्तला मिलने पर बुधवार को बेणीसर गांव की रोही में नाकाबंदी की गई।
दिन में करीब 12 बजे डीजल के एक टेंकर को रोककर तलाशी ली तो उसमें अवैध शराब के कार्टून भरे मिले। टेंकर पर सवार बाड़मेर में सतराम की बेरी निवासी हनुमान बिश्नोई चोहटन निवासी रघुनाथ बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। बरामद की गई शराब हरियाणा के रोहतक से गुजरात ले जाई जा रही थी जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपए है। अभियुक्तों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।