हटेंगे कब्जे, दो जगह होगी पार्किंग
फड़बाजारऔर कोटगेट के मामले में हाईकोर्ट की तल्खी के बाद प्रशासन अब सख्त हो गया है। प्रशासन ने फड़बाजार, केईएम रोड पर ट्रैफिक, पार्किंग सफाई व्यवस्था को सुचारु करने के लिए नगर-निगम नगर विकास न्यास की संयुक्त टीम बनाई है। यह टीम इन क्षेत्रों का सर्वे कर आगे की कार्रवाई करेगा, वहीं भी एक सप्ताह के भीतर।
यह निर्णय गुरुवार को एडीएम सिटी दुर्गेश बिस्सा की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था सुचारु करने के लिए नगर निगम के अधिकारियों को कहा गया तो यूआईटी और यातायात पुलिस को यातायात व्यवस्था करने के लिए डिवाइडर लगवाने और पार्किंग की व्यवस्था करने के लिए कहा। फड़बाजार के मामले में एडीएम ने नगर निगम अधिकारियों को नाले के अलावा पूरे क्षेत्र की सफाई कराने के साथ-साथ ठेलों को व्यवस्थित ढंग से खड़े करने की व्यवस्था करने के लिए कहा। यहां सड़क पर जो कब्जे है उन्हें हटाने के निर्देश दिए।
विदित रहे कि हाईकोर्ट ने प्रशासन को आदेश दिए थे कि फड़बाजार और कोटगेट क्षेत्र में कब्जे हटाने, सफाई करवाने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु कर 19 सितंबर तक रिपोर्ट करे। फड़बाजार विकास समिति ने संभागीय आयुक्त को ज्ञापन देकर फड़बाजार की समस्याओं का निस्तारण करवाने की मांग की।
ये हुए फैसले
>फड़बाजार से कब्जे हटाए जाएंगे।
> चौखूंटी ओवरब्रिज से फड़बाजार की ओर आने वाले रास्ते में डिवाइडर बनाकर यातायात सुदृढ़ किया जाएगा।
> कोटगेट और सांखला रेलवे क्रॉसिंग के पास सीमेंट के पिलर लगाकर जाम लगने से रोका जाएगा।
> जूनागढ़ के पीछे और राजीव गांधी मार्ग पर होगी पार्किंग।
> केईएम रोड, स्टेशन रोड आदि क्षेत्रों में फुटपाथ खाली करवाए जाएंगे।
> शहर के मुख्य मार्गों पर सफाई नियमित कराने और इसकी प्रोपर मॉनीटरिंग होगी।
> आवारा पशुओं को शहर से पकड़ा जाएगा। इसके अलावा नगर निगम यह तय करे कि आवारा पशुओं को कहा रखा जाए।