आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
बीकानेर | एकात्ममानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर गुरुवार को भाजपा शहर जिला बीकानेर की ओर से बलिदान दिवस मनाया गया। शहर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति मंच के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय सर्किल पर हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की शहादत के संपूर्ण घटनाक्रम और उसके बाद की परिस्थितियों की जानकारी दी। संसदीय सचिव खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने सभी कार्यकर्ताओं से पंडित उपाध्याय के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। प्रदेश उपाध्यक्ष नंदकिशोर सोलंकी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के कृतित्व व्यक्तित्व की जानकारी दी। महापौर नारायण चौपड़ा ने पंडित उपाध्याय को एकात्म मानववाद का प्रणेता और महान व्यक्तित्व बताया। भाजपा शहर जिला अध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने उन्हें आदर्श राष्ट्रवादी बताया। मुमताज भाटी ने पार्टी की पंच निष्ठाओं को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। मंच के सुनील बांठिया अरविंद उभा और परमानंद ओझा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन ओम राजपुरोहित ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।
पंडित दीनदयाल की मूर्ति पर माल्यार्पण करते भाजपा नेता।