बीकानेर. शहर भाजपा खुद को नगर निगम चुनाव के लिए तैयार करने में जुट गई है। चुनाव मैदान में जाने से पहले पार्टी शहर के उन लंबित मुद्दों का समाधान करेगी जिस पर वोटर प्रश्न कर सकते हैं या प्रतिपक्ष जिन्हें उठा सकता है।
इनमें खासतौर पर सूरसागर, सीवरेज, सफाई, पानी, बिजली, पट्टों आदि से जुड़े आम मसले हैं। जिन्हें लेकर विधानसभा चुनाव के दौरान वायदे भी किए गए थे। पार्टी के चुनाव प्रभारी सांसद सी.आर.चौधरी ने रविवार को इसी लिहाज से चार प्रमुख नेताओं से बंद कमरे में दो घंटे बातचीत की।
शहर अध्यक्ष विजय आचार्य, विधायक पश्चिम डा.गोपाल जोशी, विधायक पूर्व सिद्धि कुमारी और प्रदेश उपाध्यक्ष नंदकिशोर सोलंकी ने प्रभारी को उन मसलों के बारे में खुलकर बताया जिनका समाधान नहीं होने पर चुनाव में लोगों को जवाब देना मुश्किल हो सकता है।
खासतौर पर सरकार की बीकानेर यात्रा के दौरान की गई घोषणाएं, बजट घोषणाएं और लंबित मुद्दों पर कार्रवाई की बात कही। प्रभारी चौधरी ने इन्हीं मुद्दों पर बाद में शहर के छह मंडल अध्यक्षों एवं नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष से भी चर्चा की।
बातचीत में जो सुझाव और उनकी रिपोर्ट पार्टी के माध्यम से सरकार को देंगे। साथ ही इसके लिए जरूरी आदेश, निर्देश या पैसे का प्रावधान भी करवाया जाएगा। ये काम शुरू करवाकर भाजपा जहां यह बंदोबस्त करेगी कि प्रतिपक्ष इन्हें मुद्दे बना सके वहीं निगम और यूआईटी की नाकामियों के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस को जिम्मेवार बताएगी।
गुप्त नहीं रही मीटिंग
प्रभारीसी.आर.चौधरी बीकानेर का पहला दौरा चुपचाप पूरा कर लौट जाना चाहते थे। इसके लिए दो मीटिंगें तय की गई। पहली और मुख्य मीटिंग विधायकों, अध्यक्ष एवं प्रदेश पदाधिकारी के साथ। दूसरी मीटिंग, पार्टी के छह मंडल अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष के साथ। इस गुप्त दौरे की खबर ‘भास्कर’ में छपने के बाद पार्टी के कई नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और टिकट के दावेदार होटल ढोला मारु पहुंच गए।