स्कूलों का होगा निरीक्षण
बीकानेर | शिक्षासत्र 2014-15 में शिक्षा सम्बलन अभियान का दूसरा चरण 11 और 12 फरवरी को आयोजित होगा।
अभियान के दूसरे चरण में प्रशासनिक और शिक्षा अधिकारी राज्य की लगभग छह हजार स्कूलों का अवलोकन करेंगे। इस दौरान छात्र-छात्राओं के बौद्धिक स्तर को परखा जाएगा। बीकानेर में दूसरे चरण में 170 स्कूलों का निरीक्षण किया जाएगा। शिक्षा सम्बलन अभियान के लिए एसएसए अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। एडीपीसी जोरावर सिंह ने बताया कि राजस्थान प्रारंभिक शिक्षा परिषद की ओर से चयनित स्कूलों का अवलोकन करने के लिए शिक्षा अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। यह अधिकारी दो दिनों में लगभग 170 स्कूलों का अवलोकन करेंगे। विदित रहे कि पूर्व में शिक्षा सम्बलन अभियान का द्वितीय चरण सात आठ जनवरी होना निर्धारित था लेकिन पंचायत चुनाव के कारण इसकी तिथियों में बदलाव किया। इससे पूर्व चालू शिक्षा सत्र में शिक्षा सम्बलन अभियान का प्रथम चरण 23 24 सितंबर को आयोजित हुआ। इस दौरान जिले की 159 स्कूलों का अवलोकन किया गया।