बीकानेर। इंदिरागांधी नहर परियोजना श्रमिक एकता केंद्र सीटू ने श्रमिक हितों की मांगों पर आंदोलन की घोषणा की है। इस संबंध में संगठन की केंद्रीय कार्य समिति की मीटिंग बीटीआर भवन में आयोजित कर श्रमिक हित की 10 सूत्री मांगों को लेकर मुख्य अभियंता कार्यालय के समक्ष धरना देने एवं आज से ही जन संपर्क करने का निर्णय बताया गया।
मीटिंग के आरंभ में राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के प्रदेश अध्यक्ष एवं बीकानेर के कर्मचारी मजदूरों के अगुआ नेता भंवर पुरोहित के निधन पर शोक प्रस्ताव रखते हुए दो मिनट का मौन रख गहरी संवेदनाओं के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्य समिति के केंद्रीय अध्यक्ष अजीज भाटी ने नहर कार्मिकों के आंदोलन और उपलब्धियों को बताते हुए संगठन के मांग पत्र पर एकता के साथ आंदोलन का आह्वान किया। यूनियन कार्य समिति महामंत्री रामसमझ सिंह ने संगठन के पिछले तीन माह में किए गए वार्ता एवं प्रयासों को रखते हुए बताया कि नहर मंडल के अध्यक्ष के साथ हुई वार्ता के बावजूद 10 सूत्री मांग पत्र को पूरा नहीं करने की संगठन आलोचना करता है।
इस अवसर पर देवी सिंह निर्वाण को रिक्त कार्यकारी अध्यक्ष पद पर, हीरा राम देवासी का संयुक्त महामंत्री पद पर निर्वाचन किया गया। संयुक्त महामंत्री विजय सिंह ने जल संसाधान हनुमानगढ़ के वर्क चार्ज श्रमिकों के चयनित वेतनमान आदि मांगों पर कार्रवाई का आह्वान किया। इस पर हनुमानगढ़ में प्रदर्शन करने की घोषणा की गई।